बस किराए में 50% छूट, 7 स्पेशल ट्रेनें… NEET UG 2026 री-एग्जाम आज, UP में 3.5 लाख अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
NTA ने NEET UG 2026 परीक्षा के लिए व्यापक सुरक्षा और छात्र-हितैषी इंतजाम किए हैं, जिसमें CCTV, जैमर और बायोमेट्रिक्स शामिल हैं. वहीं, यूपी में मुख्यमंत्री योगी ने 50% बस किराए में छूट, विशेष ट्रेनें और अस्थायी आवास की घोषणा की है. इसके अलावा, तीन लेयर की सिक्योरिटी लगाई गई है.
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से रविवार को NEET-UG 2026 री-एग्जाम कराया जा रहा है. परीक्षा के लिए देश भर के 551 शहरों में 5,440 सेंटर बनाए गए हैं, जिसमें 22 लाख से अधिक छात्र शामिल होंगे. अकेले उत्तर प्रदेश के 59 जिलों में 3.5 लाख अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. इसके लिए पूरे प्रदेश में 760 परीक्षा केंद्र बने हैं. साथ ही परीक्षा के लिए व्यापक सुरक्षा और छात्र-हितैषी इंतजाम किए हैं.
परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक पेन-एंड-पेपर मोड में होगी, जो अंग्रेजी और 12 भारतीय भाषाओं में आयोजित की जाएंगी. नीट परीक्षा से पहले सीएम योगी के स्तर पर समीक्षा की गई. इसमें पुलिस और प्रशासन को पुख्ता तैयारियों के निर्देश दिए. सीएम योगी ने उम्मीदवारों के लिए सरकारी बसों के किराए में 50% छूट और अस्थायी आवास की घोषणा की है.
हर रूम में दो इनविजिलेटर, सेंटर के बाहर जैमर
पूरे प्रदेश में कुल 760 परीक्षा केंद्र में हर एक कमरों में CCTV लगा होगा. जिनकी फीड्स को नेशनल, स्टेट और मिनिस्ट्री लेवल पर वर्चुअली मॉनिटर किया जा रहा है. परीक्षा को इलेक्ट्रॉनिक गड़बड़ी से बचाने के लिए ECIL और BEL द्वारा जैमर लगाए गए हैं. हर एक एग्ज़ामिनेशन रूम में दो इनविजिलेटर होंगे, और हर सेंटर पर दस एक्स्ट्रा एग्ज़ामिनेशन अधिकारी तैनात हैं.

साथ ही हर एक केंद्र पर एक सेंटर सिस्टम ऑफ़िसर (CSO) तैनात किया गया है. NTA ने परीक्षा से एक दिन पहले शनिवार को राज्य के चीफ़ सेक्रेटरी और सीनियर अधिकारियों के साथ रिव्यू मीटिंग की. इसके अलवाा सभी सिस्टम, जैमर, CCTV, फ्रिस्किंग स्टाफ़ और बायोमेट्रिक्स को वेरिफ़ाई करने के लिए 20 जून को पूरे प्रदेश में एक मॉक ड्रिल भी की गई थी.
परीक्षा केंद्रों के 50 मीटर के दायरे में नो-पार्किंग
परीक्षा को लेकर राज्य ज़िला प्रशासन ने पुलिस, पैरामिलिट्री फ़ोर्स, इंडियन एयर फ़ोर्स और डिपार्टमेंट ऑफ़ पोस्ट्स की तैनाती के साथ बड़े पैमाने पर काम किया है. हर एग्ज़ामिनेशन सेंटर पर औसतन 40 से 50 सिक्योरिटी वाले तैनात किए गए हैं. बैंक अधिकारियों को लगभग 30 बैंक ब्रांच में तैनात किया गया है, जो कॉन्फिडेंशियल मटीरियल रखते हैं.

अकेले लखनऊ में सुरक्षा व्यवस्था के लिए 996 पुलिसकर्मी, परीक्षा केंद्रों पर 150 HHMD कर्मी और गोपनीय सामग्री की सुरक्षा के लिए 150 सशस्त्र जवान तैनात हैं. UP-112, पिंक पेट्रोल और एंटी रोमियो स्क्वाड भी अलर्ट पर हैं. परीक्षा के दौरान लाउडस्पीकर पर प्रतिबंध लगाया गया है. साथ ही परीक्षा केंद्रों के 50 मीटर के दायरे में पार्किंग पर रोक लगा है.
सरकारी बसों के किराए में 50% छूट, स्पेशल ट्रेनें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उम्मीदवारों के लिए सरकारी बसों के किराए में 50% छूट की घोषणा की है. साथ ही सेंटर के बाहर एम्बुलेंस और माता-पिता के लिए छायादार वेटिंग एरिया की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं. इसके अलावा, पूर्वाेत्तर रेलवे ने स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है. ये विशेष ट्रेनें मुख्य रूप से गोरखपुर, लखनऊ, वाराणसी और प्रयागराज के रूटों पर चलेंगी.
- गाड़ी संख्या 04206 लखनऊ–वाराणसी जं. (अयोध्या कैंट मार्ग से): यह विशेष रेलगाड़ी 21 जून को लखनऊ स्टेशन से शाम 17:55 बजे प्रस्थान करेगी. यह रेलगाड़ी बाराबंकी, रुदौली, अयोध्या कैंट, अयोध्या धाम, गोशाईंगंज ,अकबरपुर, शाहगंज, जौनपुर एवं जफराबाद स्टेशनों पर ठहरेगी.
- गाड़ी संख्या 04202 लखनऊ–प्रयागराज संगम (रायबरेली–ऊंचाहार मार्ग से): यह 21 जून को लखनऊ स्टेशन से शाम 17:45 बजे प्रस्थान करेगी. यह बछरावाँ, हरचंदपुर, रायबरेली, लक्ष्मणपुर, ऊंचाहार, परियावां कालाकांकर रोड, गढ़ी मानिकपुर, कुंडा हरनामगंज, रामचौरा रोड, फाफामऊ और प्रयाग जं. स्टेशनों पर ठहरेगी.
- गाड़ी संख्या 04208 वाराणसी जं.–पटना जं. (पंडित दीन दयाल उपाध्याय जं मार्ग से): यह 21 जून को वाराणसी जं. से सायं 17:45 बजे प्रस्थान करेगी. यह पं. दीनदयाल उपाध्याय जं., दिलदारनगर, बक्सर, आरा, दानापुर एवं पटना जं. स्टेशनों पर ठहरेगी.
- गाड़ी संख्या 05320 कासगंज-रावतपुर: यह 21 जून को सुबह 6 बजे कासगंज से रवाना होगी और सुबह 11:05 बजे रावतपुर पहुंचेगी. वहीं वापसी में 05319 रावतपुर–कासगंज- शाम 7 बजे रावतपुर से रवाना होगी और निर्धारित स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए रात 12:30 बजे कासगंज पहुंचेगी.
- गाड़ी संख्या 04208 वाराणसी-पटना: यह 21 जून को वाराणसी से शाम 05:45 बजे प्रस्थान करेगी. जो बक्सर और दानापुर होते हुए पटना पहुंचेगी.
उत्तर रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेनों की स्थिति NTES ऐप, रेलवे हेल्पलाइन 139, और नजदीकी स्टेशन से ले सकते हैं. साथ ही सोशल मीडिया पर बारीकी से नज़र रखा जा रहा है और अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश हैं. उम्मीदवारों और माता-पिता को NTA की आधिकारिक साइट पर ही भरोसा करने की सलाह दी है.
