नोएडा एयरपोर्ट के नो फ्लाइंग जोन में दिखे ड्रोन, अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां; FIR दर्ज

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नो-फ्लाइंग जोन में लगातार ड्रोन देखे जाने से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं. आधी रात को रेहरा और कुरेब गांव की ओर से ड्रोन एयरपोर्ट क्षेत्र में आते दिखे. भारत सरकार द्वारा यह क्षेत्र ड्रोन संचालन के लिए रेड जोन घोषित है. इन घटनाओं के बाद एयरपोर्ट अधिकारियों ने पुलिस में FIR दर्ज कराई है.

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट Image Credit:

ग्रेटर नोएडा के जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नो फ्लाइंग जोन में कुछ दिनों से रात के समय ड्रोन उड़ते नजर आ रहे हैं. यह ड्रोन आधी रात के समय रेहरा और कुरेब गांव की ओर से एयरपोर्ट की ओर आते हुए आसमान में नजर आए हैं. इन्हें देखने के बाद एयरपोर्ट के अधिकारियों से लेकर सुरक्षा एजेंसी क अलर्ट हो गईं हैं. इस संबंध में एयरपोर्ट अधिकारियों ने पुलिस में एफआईआर भी दर्ज कराई है.

जानकारी के मुताबिक यह ड्रोन कु देर तक एयरपोर्ट के ऊपर मंडराने के बाद वापस उसी दिशा में लौट गए. लगातार कई बार इन ड्रोन आने की वजह से सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. भारत सरकार द्वारा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को ड्रोन संचालन के लिए रेड जोन घोषित किया गया है. इसका मतलब है कि एयरपोर्ट परिसर और उसके आसपास के क्षेत्र में बिना अनुमति किसी भी प्रकार का ड्रोन उड़ाना पूरी तरह प्रतिबंध है. ऐसे क्षेत्र में ड्रोन की मौजूदगी को सुरक्षा के लिहाज से बेहद गंभीर माना जाता है. क्योंकि इससे एयर ट्रैफिक और संवेदनशील प्रतिष्ठानों को खतरा हो सकता है.

मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

जेवर कोतवाली प्रभारी के मुताबिक एयरपोर्ट की सुरक्षा में तैनात सुरक्षा एजेंसी एसआईएस के सिक्योरिटी ऑफिसर कृष्णकांत पांडेय ने शिकायत दी है. कोतवाली पुलिस को दिए शिकायत में उन्होंने बताया कि कई दिनों से प्रतिबंध क्षेत्र में ड्रोन उड़ते नजर आ रहे हैं. इससे प्रतिबंधित क्षेत्र में खतरा हो सकता है. उन्होंने बताया कि इस शकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इसी के साथ एयरपोर्ट की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है.

शादियों का ड्रोन तो नहीं?

पुलिस के मुताबिक इस संबंध में आसपास के गांवों में पूछताछ की जा रही है. आशंका यह भी है कि कहीं शादियों में रिकार्डिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले ड्रोन तो नहीं है. चूंकि मामला संवेदनशील है, इसलिए पुलिस अभी साफ तौर पर कुछ भी कहने से बच रही है. फिलहाल पुलिस लोगों से पूछताछ के अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है.