ओडिशा से दिल्ली-NCR तक एंबुलेंस में होती थी गांजे की तस्करी, नोएडा पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
नोएडा पुलिस और नारकोटिक्स सेल ने एंबुलेंस से गांजा तस्करी का भंडाफोड़ किया है. ओडिशा से दिल्ली-NCR तक एंबुलेंस में गांजे की तस्करी होती थी. एंबुलेंस में मरीज के बिस्तर के नीचे खुफिया केबिन बनाई गई थी. पुलिस ने 13 लाख का गांजा बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया.
नोएडा के थाना फेस-1 पुलिस और नारकोटिक्स सेल की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करी के एक अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से 64 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है. पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर प्लेट की मारुति ईको एंबुलेंस भी जब्त की है.
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान ओमवीर सिंह के रूप में हुई है जो ग्राम नागर थाना अछनेरा जिला आगरा का रहने वाला है. आरोपी ओडिशा से विशेष किस्म का गांजा लाकर दिल्ली-NCR में छोटे-छोटे पैकेट बनाकर सप्लाई करता था. आरोपी ने एंबुलेंस में मरीज की सीट के नीचे और तीमारदार के बैठने वाली सीट के नीचे विशेष खुफिया केबिन बना रखी थी.
एंबुलेंस की आड़ में चल रहा था नशे का कारोबार
जांच में सामने आया कि आरोपी ने एंबुलेंस में इन्हीं जगहों पर गांजा छुपाकर तस्करी की जाती थी. पुलिस जांच में यह भी सामने आए है कि आरोपी जानबूझकर एंबुलेंस का इस्तेमाल करता था. क्योंकि एंबुलेंस को आमतौर पर पुलिस चेकिंग और टोल प्लाजा पर काम रोकती है. इसी का फायदा उठाकर वह भारी मात्रा में गांजा एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचता था.
झुंडपुरा बॉर्डर के पास आरोपी को गिरफ्तार
थाना फेस-1 के प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ला ने बताया कि लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर झुंडपुरा बॉर्डर के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया. उसके कब्जे से 64 किलो गांजा बरामद किया गया. आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह ओडिशा से गांजा लाकर दिल्ली-एनसीआर और नोएडा में सप्लाई करता था.
आरोपी इससे होने वाले मुनाफे को अपनी शौक पूरा करने के लिए खर्च करता था. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है. साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी की जा रही है.
