ग्रेटर नोएडा में आज से महंगा हो जाएगा पानी, इस महीने से वाटर बिल में बढ़कर आएंगे इतने रुपये
ग्रेटर नोएडा आज से पानी महंगा हो जाएगा. ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की तरफ से पेयजल शुल्क में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है. इसका असर आवासीय व्यावसायिक और औद्योगिक सभी श्रेणियां के उपभोक्ताओं पर पड़ेगा.
ग्रेटर नोएडा में आज यानी एक अप्रैल से पानी महंगा हो जाएगा. दरअसल, शहर में पेयजल शुल्क में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी लागू कर दी गई है. इसका असर आवासीय व्यावसायिक और औद्योगिक सभी श्रेणियां के उपभोक्ताओं पर पड़ेगा. अब पानी के लिए लोगों को पहले के मुकाबले ज्यादा भुगतान करना होगा. ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा लिए गए पुराने निर्णय के अनुसार पेयजल दरों में हर साल वृद्धि की जाती है. यह फैसला वर्ष 2013 में हुई 95वीं बोर्ड बैठक में लिया गया था जिसमें तय किया गया था कि हर वित्तीय वर्ष में पानी के शुल्क में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी. इसी नियम के तहत इस साल भी नई दरें लागू की गई हैं.
भूखंड के आकार के हिसाब से तय होता है बिल
पेयजल शुल्क का निर्धारण भूखंड के क्षेत्रफल के आधार पर किया जाता है. उदाहरण के तौर पर 60 वर्ग मीटर के भूखंड के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में लगभग 2280 रुपए का शुल्क था. अब 10 प्रतिशत वृद्धि के बाद इसमें और इजाफा होगा. यानी इसमें 228 रुपये बढ़ेंगे. बड़े भूखंडों और व्यावसायिक इकाइयों पर इसका असर और ज्यादा देखने को मिलेगा. यह बढ़ोतरी केवल घरों तक सीमित नहीं है बल्कि दुकानों फैक्ट्री और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर भी लागू होगी. ऐसे में आम आदमी से लेकर कारोबारी तक सभी को इसका अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ेगा. पहले से महंगाई झेल रहे लोगों के लिए यह फैसला चिंता बढ़ने वाला माना जा रहा है.
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का निवासी जता रहे हैं विरोध
हर साल होने वाले इस बढ़ोतरी को लेकर लोगों में नाराजगी भी बढ़ती जा रही है. सेक्टर पी3 के आरडब्ल्यूए के सचिव मोहित भाटी का कहना है कि सुविधाओं में खास सुधार नहीं किया जाता. वहीं दूसरी तरफ हर साल शुल्क बढ़ा दिया जाता है. ग्रेटर नोएडा में कई सेक्टर में आरडब्ल्यूए और सामाजिक संगठनों ने इस फैसले का विरोध भी जताया है. इस फैसले पर प्राधिकरण को पत्र लिखकर पुर्नविचार करने की मांग की है. वहीं ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के जल विभाग के अधिकारी विनोद शर्मा का कहना है कि यह बढ़ोतरी पहले से तय नीति के अनुसार की जा रही है.
लोगों ने कहा- महंगाई के बीच पानी महंगा होना बड़ा झटका
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के जल विभाग के अधिकारी विनोद शर्मा के मुताबिक पानी की आपूर्ति रखरखाव और इंफ्रास्ट्रक्चर पर होने वाले खर्च को देखते हुए दोनों में वृद्धि जरूरी है. साथ ही शहर में विकास और बेहतर सुविधाओं के लिए यह कदम उठाया गया है. वहीं, शहर के लोगों का कहना है कि पहले से ही बढ़ती महंगाई के बीच पानी का महंगा होना लोगों के लिए एक और झटका .है बिजली गैस और अन्य जरूरी सेवाओं के खर्च के साथ अब पानी का बिल भी बढ़ने से घरेलू बजट पर दबाव पड़ेगा. ऐसे में शहर में पानी के दाम बढ़ने से साफ है कि आने वाले समय में लोगों को अपनी जेब और ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी.