आयुष शुक्ला मर्डर: आरोपियों के एनकाउंटर पर अड़ी मां, बोलीं- तभी करूंगी अंतिम संस्कार
नोएडा के आयुष शुक्ला हत्याकांड में मां ने बड़ा एलान किया है. उन्होंने कहा कि जब तक उनके बेटे के हत्यारे दोस्तों का एनकाउंटर नहीं होगा, वह अपने बेटे का अंतिम संस्कार नहीं करेंगी. 13 वर्षीय आयुष को दोस्तों ने पार्टी के बहाने बुलाकर मार डाला था. पुलिस ने तीन नाबालिगों को पकड़ा है और हत्या के पीछे के असली मकसद की जांच जारी है. प्रारंभिक वजह पैसों का लेनदेन बताई जा रही है.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे नोएडा के आयुष शुक्ला मर्डर केस और गहराता जा रहा है. आयुष की मां ने साफ बोल दिया है कि अब वह अपने बेटे का अंतिम संस्कार तभी करेगी, जब उसके हत्यारोपी दोस्त का एनकाउंटर होगा. कहा कि आरोपी ने उसके इकलौते बेटे की बेरहमी से हत्या की है. उसका अंजाम भी ऐसा ही होना चाहिए. मामला नोएडा के सेक्टर 24 थाना क्षेत्र में चौड़ा गांव का है.
इस वारदात के बाद से ही 13 वर्षीय मृतक आयुष शुक्ला के घर में कोहराम मचा हुआ है. बेटे की मौत के बाद आयुष की मां का रो-रो कर बुरा हाल है. बेटे का शव सामने आने के बाद परिवार सदमे में है. वहीं आयुष की मां ने आरोपियों के खिलाफ बेहद सख्त कार्रवाई की मांग की है. कहा है कि अब तो हत्यारोपी का भी एनकाउंटर होना चाहिए. वह तब तक अपने बेटे का अंतिम संस्कार नहीं करेंगी, जब तक कि उसका एनकाउंटर नहीं हो जाता.
क्या है मामला?
परिवार के मुताबिक आयुष को उसका हत्यारोपी दोस्त जन्मदिन की पार्टी के बहाने बुलाकर ले गया. उसके बाद से उनका बेटा वापस नहीं लौटा. पुलिस जांच में पता चला कि आयुष को उसके परिचित दोस्त पार्टी के बहाने बुलाकर ले गए और पार्क में उसकी हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया था. बेटे की मौत से टूट चुकी आयुष की मां ने कहा कि उनका बेटा घर से यह कह कर निकाला था कि वह दोस्तों के साथ जा रहा है. परिवार को इस बात का अंदाजा तक नहीं था कि वह आखिरी बार घर से निकल रहा है.
हत्या की वजह साफ नहीं
इस मामले में सबसे बड़ा सवाल हत्या की असली वजह को लेकर है. शुरुआती जांच में पैसे के लेनदेन का मामला सामने आया, लेकिन पुलिस ने अभी इसे हत्या की अंतिम वजह नहीं माना है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत कैसे हुई. हत्या पहले से संयोजित थी या अचानक हुए विवाद के बाद वारदात को अंजाम दिया गया. पुलिस ने अब तक इस मामले में तीन नाबालिग को पकड़ा है. नोएडा की एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पार्टी के दौरान खर्च हुए पैसे के लेनदेन को लेकर हत्या की वजह सामने आई है. हालांकि अभी पूछताछ जारी है.