बिहार में होनी थी कैंसर रोधी दवाओं की सप्लाई, नोएडा में होने लगी कालाबाजारी; ऐसे पकड़ा गया 2 करोड़ का माल
नोएडा में क्राइम ब्रांच दिल्ली की टीम ने 2 करोड़ रुपये मूल्य की कैंसर रोधी दवाएं जब्त की हैं. ये दवाएं बिहार के अस्पतालों को आपूर्ति की जानी थीं, लेकिन इनकी कालाबाजारी की जा रही थी. इस छापेमारी में एक युवक गिरफ्तार हुआ, जिसका संबंध दिल्ली के बड़े दवा रैकेट से है. यह कार्रवाई सरकारी आपूर्ति में हेराफेरी और अवैध दवा व्यापार का बड़ा खुलासा है.
क्राइम ब्रांच दिल्ली, केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन और जिला औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने नोएडा के सेक्टर 76 स्थित अमरपाली प्रिंसली सोसायटी में दबिश देकर करीब 2 करोड रुपए मूल्य की कैंसर रोधी दवाएं बरामद की है. टीम ने मौके से कई अन्य महंगी जैविक दवाइयां भी बरामद की है. इस दौरान टीम ने मौके से आनंद कुमार नामक एक युवक को गिरफ्तार किया है. इस युवक का संबंध दिल्ली में सक्रिय एक बड़े दवा रैकेट से बताया जा रहा है.
यह कार्रवाई संयुक्त टीम ने 20 और 21 जुलाई की मध्य रात्रि अमरपाली प्रिंसली सोसायटी के फ्लैट नंबर 402 में की. अचानक फ्लैट पर पहुंची टीम को देखकर सोसायटी में हड़कं मच गया. वहीं कार्रवाई के बाद मामले का खुलासा होने पर सोसायटी के लोग हैरान रह गए. दरअसल यह टीम राजधानी दिल्ली में दर्ज एक मामले की जांच के दौरान मिले इनपुट के आधार पर यहां पहुंची थी. टीम को सूचना मिली थी कि यहां प्रतिबंधित और महंगी दवाइयों का अवैध भंडारण किया गया है.
बिहार के अस्पतालों में होनी थी सप्लाई
जिला औषधि निरीक्षक के मुताबिक इस छापेमारी में कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली महंगी और आयातित जैविक दवाएं मिली हैं. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इनमें से कुछ दवाएं बिहार सरकार को आपूर्ति की जानी थी. बरामद दवाओं की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड रुपए आंकी गई है. पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी का संबंध दिल्ली में पहले से सक्रिय एक बड़ी दवा रैकेट से मिला है. इस मामले में अब तक 10 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. इनमें से 9 आरोपियों को पहले ही दिल्ली से गिरफ्तार किया गया था.
ऐसे हो रही थी कालाबाजारी
अधिकारियों ने बरामद दवाइयां को सील कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. साथ ही पूरे नेटवर्क की अन्य कड़ियों का पता लगाने के लिए टीम को हैदराबाद भेजा गया है. जांच एजेंसियों को आशंका है कि सरकारी आपूर्ति की महंगी कैंसर रोधी दवाएं खुले बाजार में ऊंची कीमतपर बेची जा रही हैं. टीम फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है.