22वीं मंजिल से कूदे कंपनी डायरेक्टर, 3 अन्य ने भी दी जान…नोएडा में एक ही दिन में चार आत्महत्याएं

नोएडा में एक ही दिन के अंदर 4 लोगों ने अपनी जिंदगी खत्म कर ली. एक कंपनी डायरेक्टर ने 22वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दी तो अन्य 3 ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली.आत्महत्याओं की लगातार बढ़ रही घटनाओं ने सवाल खड़ा करना शुरू कर दिया है कि लोग इस कदर टूट क्यों रहे हैं, इसके पीछे की असल वजह क्या है.

नोएडा में एक ही दिन में चार आत्महत्याएं Image Credit:

उत्तर प्रदेश के हाईटेक शहर कहे जाने वाले नोएडा के अलग-अलग इलाकों में एक ही दिन में चार लोगों ने कथित तौर पर आत्महत्या कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. किसी ने मानसिक तनाव के चलते जिंदगी खत्म कर ली तो कहीं पारिवारिक कलह मौत की वजह बनकर सामने आई. इन चार अलग-अलग घटनाओं ने न सिर्फ पुलिस को जांच में उलझाया बल्कि समाज के सामने भी बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर लोग इस कदर टूट क्यों रहे हैं, इसके पीछे की असल वजह क्या है.

22वीं मंजिल से छलांग लगाकर कंपनी के डायरेक्टर ने दी जान

सबसे चौंकाने वाली घटना नोएडा के सेक्टर 107 की एक हाईराइज सोसायटी से निकलकर सामने आई. यहां एक निजी कंपनी के निदेशक सजल मेहरोत्रा ने सोसाइटी की 22वीं मंजिल से कूद कर अपनी जान दे दी. वह यहां अपने परिवार के साथ रहते थे. घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी गई .प्रारंभिक जांच में मानसिक दबाव और निजीकरणों की आशंका जताई जा रही है. हालांकि पुलिस हर पहलुओं पर मामले की जांच कर रही है.

मानसिक तनाव से युवक ने फांसी लगाई

दूसरी घटना फेस 3 थाना क्षेत्र के मामूरा गांव से निकलकर सामने आई. यहां 23 वर्ष से युवक सुलभ गंगवार ने कमरे में पंखे से लटक कर जान दे दी. युवक एक निजी कंपनी में काम करता था और किराए पर रहता था. साथियों के ड्यूटी पर जाने के कुछ देर बाद उसने यह कदम उठा लिया. उसके परिजनों ने बताया कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था. पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है की नौकरी का दबाव या निजी परेशानियां इस मौत की वजह बनी या नहीं.

पारिवारिक विवाद में छीनी महिला की जिंदगी

तीसरी घटना सेक्टर 63 थाना क्षेत्र के बहलोलपुर गांव से निकलकर सामने आई. यहां 38 वर्षीय मुन्नी देवी ने पंखे से लटक कर जान दे दी. परिवार के मुताबिक पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. बताया गया कि पति कुछ दिन पहले गांव गया हुआ था और उसकी गैर मौजूदगी में महिला ने यह कदम उठाया. पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. यह घटना घरेलू तनाव और पारिवारिक टूट की ओर इशारा करती है.

नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में महिला ने लगाई फांसी

चौथी घटना नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में हुई. यहां रोशनी नामक युवती ने फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया. फिलहाल पुलिस इस मामले में भी कारणों का पता करने की कोशिश में जुट गई है. एक ही दिन में चार अलग-अलग घटनाओं ने पुलिस और प्रशासन को भी सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर आत्महत्याओं के मामले लगातार क्यों बढ़ रहे हैं.

मानसिक रोग विशेषज्ञों का मानना है की तेजी से बदलती जीवन शैली नौकरी का दबाव आर्थिक बोझ और पारिवारिक तनाव इन सभी मामलों में व्यक्ति अपने आप को अकेला महसूस करता है. इसके चलते वह ऐसे कदम उठा लेता है.ऐसे में परिवार के लोग घर में ऐसे व्यक्ति को बिल्कुल भी अकेले ना छोड़े और उनका उनका ध्यान रखें. ऐसे लोगों का समय समय पर काउंसलिंग भी जरूरी है.

पुलिस भी मान रही गंभीर चुनौती

नोएडा के ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर राजीव नारायण मिश्र का कहना है कि चारों मामलों की जांच अलग-अलग एंगल से की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के बाद तस्वीर और साफ होगी, लेकिन इन घटनाओं ने मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक तंत्र को लेकर गंभीर चेतावनी जरूर दी है. इसको लेकर लोगों के बीच जागरूकता फैलाने की जरूरत है.

Follow Us