50 लाख का सोना दिया, एक करोड़ शादी में खर्च किए… फिर भी दहेज की डिमांड ने ली दीपिका की जान

ग्रेटर नोएडा में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. अब महिला के परिवार वालों ने ससुराल पक्ष पर फॉर्च्यूनर और 50 लाख रुपये के लिए उनकी बेटी को मार डालने का आरोप लगाया है.

ग्रेटर नोएडा में दहेज की लालच में एक और मौत

ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. अब मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और उसकी हत्या का आरोप लगाया है. घटना के बाद पुलिस ने पति और ससुर को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के मुताबिक मृतका की पहचान दीपिका नागर के तौर पर हुई है.

दीपिका के पिता संजय नागर ने बताया कि 14 महीने पहले बेटी की धूमधाम से जलपुरा गांव निवासी मनोज प्रधान के बेटे ऋतिक से शादी की थी. करोड़ों रुपए खर्च करने और महंगी गाड़ी देने के बावजूद ससुराल वालों की मांगें खत्म नहीं हुईं. उन्होंने आगे कहा कि दीपिका पढ़ाई में बेहद होशियार थी. वह बीएड कर चुकी थी. शादी की शुरुआती कुछ महीने ठीक रहे, लेकिन बाद में ससुराल पक्ष की ओर से दहेज के लिए दबाव बनाए जाने लगे.

स्कॉर्पियो और 50 लाख रुपये के बाद भी नहीं भरा पेट

मृतका के परिवार ने आरोप लगाया कि शादी में स्कॉर्पियो गाड़ी करीब 50 लाख रुपए का सोना और अन्य सामान सहित लगभग एक करोड़ रुपये का दहेज दिया गया था. इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग संतुष्ट नहीं हुए. शादी के कुछ महीने बाद ही बेटी के ससुराल वालों ने फॉर्च्यूनर गाड़ी और 50 लाख रुपए नगदी की डिमांड की. मांग न पूरी होने पर दीपिका को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया. दीपिका ने अपने परिवार को फोन कर प्रताड़ना की जानकारी भी दी थी.

मृतका के पति और ससुर को पुलिस ने गिरफ्तार किया

17 मई की रात अचानक दीपिका की मौत की खबर उनके मायके तक पहुंची. परिजनों का कहना है कि लगातार प्रताड़ना और दबाव ने उनकी बेटी की जान ले ली. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति ऋतिक और ससुर मनोज प्रधान को गिरफ्तार कर लिया. सेंट्रल नोएडा के डीसीपी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच कई पहलुओं से की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यो के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.

Follow Us