छात्रों के बीच फिर चले लात-घूंसे, वायरल हुआ गलगोटिया यूनिवर्सिटी का वीडियो; एक्शन में नोएडा पुलिस

गलगोटिया यूनिवर्सिटी में छात्रों के दो गुटों के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. इस घटना में खूब लात-घूंसे चले, जिसके बाद नोएडा पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू कर दी है. यह मामला ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र का है, और यूनिवर्सिटी प्रशासन पर भी सवाल उठ रहे हैं कि समय रहते एक्शन क्यों नहीं लिया गया.

गलगोटिया यूनिवर्सिटी में मारपीट Image Credit:

ग्रेटर नोएडा की गलगोटिया यूनिवर्सिटी में एक बार फिर छात्रों के दो गुट आपस में टकरा गए. दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई. खूब लात-घूंसे चले. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. इस वीडियो पर संज्ञान लेकर नोएडा पुलिस भी हरकत में आ गई है. बता दें कि बीते कुछ वर्षों में नोएडा की अलग अलग यूनिवर्सिटीज में लड़ाई झगड़े के मामले लगातार सामने आए हैं. अभी हाल ही में इस गलगोटिया यूनिवर्सिटी में मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हुआ था.

जानकारी के मुताबिक ताजा मामला ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र स्थित गलगोटिया यूनिवर्सिटी कैंपस में दो दिन पहले का है. पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दो अलग अलग गुटों के छात्रों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी. इनके बीच का विवाद यूनिवर्सिटी प्रशासन तक भी पहुंचा था, लेकिन समय रहते उचित एक्शन नहीं लिया गया. इसके परिणाम स्वरुप छात्रों का झगड़ा बढ़ता चला गया और अब यह वीडियो सामने आया है.

छात्रों ने ही बनाया वीडियो

मिली जानकारी के मुताबिक छात्रों के ये दोनों गुटों के बीच जब मारपीट शुरू हुई तो वहां मौजूद अन्य छात्रों ने पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल फोन के कैमरे में कैद कर लिया. बाद में इन छात्रों ने यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अपलोड कर दिया. ही वीडियो अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. इस वीडियो पर लोग पुलिस और प्रशासन को घेरते हुए तरह तरह के सवाल उठा रहे हैं. तमाम यूजर्स पूछ रहे है कि नोएडा-ग्रेटर नोएडा की ये यूनिवर्सिटीज पढ़ाई का अड्डा हैं या बदमाशी के.

जांच में जुटी पुलिस

कई यूजर्स ने ये वीडियो नोएडा पुलिस को भी टैग किया है. इसके बाद नोएडा पुलिस ने भी मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक वीडियो में दिख रहे छात्रों की पहचान कराई जा रही है. इस संबंध में यूनिवर्सिटी प्रशासन से भी जवाब मांगा गया है. जल्द ही आरोपी छात्रों को हिरासत में लेकर मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us