नोएडा में पहली डबल डेकर बस का सफर… कल से शहर में दौड़ेंगी 44 नई इलेक्ट्रिक AC बसें

गौतमबुद्ध नगर को 44 इलेक्ट्रिक AC बसों की सौगात मिली है, जिनमें पहली बार 10 डबल डेकर बसें शामिल हैं. ये बसें नोएडा, ग्रेटर नोएडा और जेवर को जोड़ेंगी, साथ ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी मजबूत करेंगी. कल से ये बसें शुरू हो जाएंगी, इसके बाद 15 जून से इनकी संख्या 100 हो जाएगी.

नोएडा में पहली डबल डेकर बस का सफर Image Credit:

गौतमबुद्ध नगर के निवासियों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार अब खत्म होने जा रहा है. जिले में 12 जून से 44 इलेक्ट्रिक एसी बसों का संचालन शुरू होगा, जिनमें 10 डबल डेकर बसें भी शामिल हैं. जिले में पहली बार डबल डेकर बस सेवा की शुरुआत होने जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से बसों को हरी झंडी दिखाएंगे.

वहीं, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में जिले के जनप्रतिनिधि बसों को रवाना करेंगे. इन बसों के लिए ऐसे रूट निर्धारित किए गए हैं जो नोएडा, ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट, दादरी और जेवर को आपस में जोड़ेंगे. जबकि 15 जून से एयरपोर्ट संचालन शुरू होने के साथ ही जिले में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाकर 100 कर दी जाएगी.

नोएडा एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी होगी मजबूत

अधिकारियों के मुताबिक, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है. इसके तहत एयरपोर्ट संचालन के साथ 15 जून से जिले में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाकर 100 कर दी जाएगी. एयरपोर्ट से अन्य शहरों और प्रमुख स्थानों तक भी बस सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.

यात्रा को किफायती रखने के लिए बसों का किराया 20 से 50 तक निर्धारित किया गया है. अभी तक निजी परिवहन और ऑटो चालकों पर निर्भर रहने वाले लोगों को अब सस्ती, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी. बसों की चार्जिंग के लिए नोएडा डिपो, परी चौक, जेवर एयरपोर्ट सहित कई स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन भी विकसित किए गए हैं.

शहर को प्रदूषण मुक्त रखेंगे इलेक्ट्रिक बसें- GM

जीएम ऑपरेशन अनिल कुमार ने बताया कि यह पहल जिले में सार्वजनिक परिवहन को नई दिशा देने के साथ-साथ प्रदूषण कम करने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है. सभी इलेक्ट्रिक मशीन नोएडा ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के रूटों पर चलेंगी. इससे लोगों को कम कीमत में बेहतर सफर का अवसर मिलेगा.

Follow Us