नोएडा-गाजियाबाद में आज फिर भारी बारिश, सभी 75 जिलों में IMD का अलर्ट; जानें अपने जिले का मौसम

उत्तर प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय है. आज नोएडा-गाजियाबाद समेत पश्चिमी और पूर्वी यूपी में फिर भारी बारिश का अलर्ट है. भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों के लिए चेतावनी जारी की है, जिसमें गरज-चमक और वज्रपात का भी खतरा बताया गया है. बंगाल की खाड़ी से आ रहे वेदर सिस्टम के कारण पूरे यूपी में जोरदार बारिश हो रही है.

उत्तर प्रदेश में अब मानसून पूरी ताकत के साथ एक्टिव हो चुका है. प्रदेश भर में जबरदस्त बारिश का दौर शुरू हो गया है. इसी क्रम में आज फिर पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट है. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक आज नोएडा-गाजियाबाद समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है. वहीं बलिया बनारस समेत पूर्वांचल के कई जिलों में बारिश के साथ बिजली कड़कने और बिजली गिरने का भी खतरा है.

मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन में प्रदेश भर में बारिश का अलर्ट जारी करते हुए संभावित खतरे के लिए संबंधित जिला प्रशासन को आगाह किया है. इस बुलेटिन में आज शनिवार को प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. इसी प्रकार पूर्वी यूपी के लगभग सभी जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और वज्रपात हो सकती है.

MP तक पहंचा वेदर सिस्टम

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना वेदर सिस्टम अब मध्य प्रदेश तक पहुंच रहा है. इसका असर पूरे उत्तर प्रदेश पर देखा जा रहा है. इस वेदर सिस्टम की वजह से पूरे यूपी में मानसून की बारिश हो रही है. उन्होंने बताया कि शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में भारी बारिश हुई थी. 13 जिलों में तो बारिश की वजह से 12वीं तक के स्कूल बंद करने पड़े थे. वहीं आज शनिवार को भी पूरे प्रदेश में जबरदस्त बारिश के आसार हैं.

यहां होगी भारी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक आज यूपी के सभी जिलों में बारिश का अलर्ट है, लेकिन सहारनपुर, मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, श्रावस्ती, बहराइच, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बस्ती, संत कबीर नगर, गोरखपुर, बाराबंकी, देवरिया आदि जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है. इसी प्रकार अंबेडकर नगर, अयोध्या, आजमगढ़, मऊ, लखनऊ, हरदोई, बलिया, उन्नाव, सीतापुर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, जौनपुर और वाराणसी आदि जिलों में भी भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक शामली, बागपत, मेरठ, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, हापुड़, अमरोहा, संभल, प्रयागराज, मिर्जापुर और सोनभद्र में भी भारी बारिश का अलर्ट है.

Follow Us