कारोबारियों-व्यापारियों की बल्ले-बल्ले, जेवर एयरपोर्ट से माल भेजना दिल्ली से 20 रुपये सस्ता, लाखों की होगी बचत
नोएडा एयरपोर्ट से कार्गो सेवा शुरू हो चुकी है. अभी यहां से 1500 किलो तक माल भेजने की क्षमता है. उड़ानों की संख्या बढ़ाने के साथ माल ढुलाई भी बढ़ाई जाएगी. फिलहाल, जेवर एयरपोर्ट से माल भेजना 20 रुपये सस्ता है. इससे पश्चिम यूपी के निर्यातकों को सीधा फायदा मिलेगा. उद्योग एक्सपर्ट्स के मुताबिक बड़े निर्यातकों द्वारा हर महीने हजारों टन सामान भेजा जाता है. ऐसे में प्रति किलो 20 रुपए तक की बचत से लाखों रुपए बचाए जा सकेंगे.
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कार्गो सेवा की शुरुआत हो गई है. इससे दिल्ली एनसीआर सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश ,हरियाणा और पंजाब के व्यापारियों व निर्यातकों को बड़ा फायदा मिलेगा, अब उन्हें माल भेजने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. नोएडा एयरपोर्ट से माल ढुलाई की दर दिल्ली एयरपोर्ट के मुकाबले करीब 20 प्रति किलो तक कम बताई जा रही है. पहले दिन नोएडा एयरपोर्ट से चेन्नई के लिए कार्गो फ्लाइट रवाना हुई .इसमें ई-कॉमर्स कंपनियों का सामान और अन्य माल भेजा गया. अधिकारियों के अनुसार आने वाले समय में कार्गो सेवा का और विस्तार किया जाएगा.
जाम से मिलेगी राहत, फल-सब्जी जैसे सामान नहीं होंगे खराब
कार्गो सेवा शुरू होने से व्यापारियों का भी समय बचेगा. दिल्ली एयरपोर्ट तक माल पहुंचाने में ट्रैफिक और भीड़ के कारण कई बार घंटे लग जाते है. इसका सबसे ज्यादा नुकसान जल्दी खराब होने वाले सामान जैसे फल सब्जियों को होता था. नोएडा एयरपोर्ट पहुंचना आसान होने से आगरा का पेठा, मेरठ के स्पोर्ट्स सामान, मुरादाबाद का पीतल, फरीदाबाद-गुरुग्राम के ऑटो पार्ट्स और नोएडा-ग्रेटर नोएडा का इलेक्ट्रॉनिक सामान कम लागत में देश-विदेश भेजा जा सकेंगे.
अभी रोजाना एक कार्गो फ्लाइट, आगे बढ़ेगी क्षमता
फिलहाल नोएडा एयरपोर्ट से प्रतिदिन एक कार्गो फ्लाइट संचालित की जा रही है. अभी करीब 1500 किलो तक माल भेजने की क्षमता है. उड़ानों की संख्या बढ़ाने के साथ माल ढुलाई भी बढ़ाई जाएगी. इससे पश्चिम यूपी के निर्यातकों को सीधा फायदा मिलेगा. उद्योग एक्सपर्ट्स के मुताबिक बड़े निर्यातकों द्वारा हर महीने हजारों टन सामान भेजा जाता है. ऐसे में प्रति किलो 20 रुपए तक की बचत से लाखों रुपए बचाए जा सकेंगे. स्थानीय उद्योगों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूती मिलेगी.
