210 बिजली पोल गिरे, 75 ट्रांसफॉर्मर खराब… नोएडा में आंधी-तूफान ने मचाई भारी तबाही

ग्रेटर नोएडा में आई तेज आंधी और तूफान ने बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया. दादरी, दनकौर, रबूपुरा और जेवर क्षेत्र में 210 बिजली पोल टूट गए, जबकि 72 ट्रांसफॉर्मर खराब हो गए. कई 33 केवी और 11 केवी विद्युत लाइनें भी क्षतिग्रस्त हुईं, जिससे हजारों उपभोक्ताओं को बिजली संकट का सामना करना पड़ा. पेड़ गिरने से बिजली तार टूट गए और यातायात भी प्रभावित हुआ.

नोएडा में आंधी-तूफान ने मचाई भारी तबाही Image Credit:

ग्रेटर नोएडा में आई तेज आंधी और तूफान ने भारी तबाही मचाई है. तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई स्थानों पर बिजली के खंभे धराशायी हो गए. दादरी, दनकौर, रबूपुरा और जेवर क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई. सैकड़ों बिजली पोल टूट गए, दर्जनों ट्रांसफॉर्मर खराब हो गए और कई हाईटेंशन लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं. इसके चलते हजारों उपभोक्ताओं को घंटों बिजली संकट का सामना करना पड़ा. बिजली विभाग अब मरम्मत में जुटा है.

बिजली विभाग के प्रारंभिक आकलन के मुताबिक, करीब 210 बिजली पोल टूटकर गिर गए हैं. इसके अलावा 72 ट्रांसफॉर्मर भी खराब हो गए हैं, जबकि 33 केवी और 11 केवी की कई विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं. बिजली ढांचे को हुए इस नुकसान के कारण कई इलाकों में घंटों तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही. तूफान के दौरान बड़ी संख्या में पेड़ भी उखड़ गए. कई स्थानों पर पेड़ सीधे बिजली लाइनों पर गिर पड़े, जिससे तार टूट गए और ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त हो गए.

कई गांवों और कॉलोनियों में बिजली गुल

ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में इसका असर देखने को मिला. दनकौर, रबूपुरा, दादरी और जेवर क्षेत्र के कई गांवों और कॉलोनियों में बिजली सप्लाई प्रभावित रही. बिजली विभाग का कहना है कि इस प्राकृतिक आपदा के कारण विभाग को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है. तूफान थमते ही विभाग की टीमें फील्ड में उतार दी गईं और क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया. अधिकारी और कर्मचारी लगातार प्रभावित इलाकों में पहुंचकर बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटे हैं.

विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, प्राथमिकता के आधार पर मुख्य विद्युत लाइनों को दुरुस्त किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक क्षेत्रों में जल्द बिजली आपूर्ति शुरू की जा सके. इसके बाद टूटे हुए पोल बदलने और खराब ट्रांसफॉर्मरों को बदलने का काम किया जाएगा. बिजली विभाग का दावा है कि हालात को जल्द सामान्य कर लिया जाएगा. आंधी और तूफान का असर सिर्फ बिजली व्यवस्था तक सीमित नहीं रहा.

पेड़ गिरने से यातायात भी प्रभावित

कई स्थानों पर पेड़ गिरने से यातायात भी प्रभावित हुआ और लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा. बिजली कटौती की वजह से पेयजल आपूर्ति और अन्य जरूरी सेवाओं पर भी असर देखने को मिला. ग्रेटर नोएडा में आंधी और तूफान के बाद बिजली विभाग के सामने बहाली की बड़ी चुनौती है. हालांकि विभाग की टीमें लगातार मैदान में डटी हुई हैं और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही सभी प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह सामान्य कर दी जाएगी.

Follow Us