एक साल का रिलेशन, फिर क्यों कर लिया सुसाइड? BF संग नोएडा के होटल में ठहरी थी लड़की
नोएडा के एक होटल में बॉयफ्रेंड संग ठहरी युवती ने सुसाइड कर लिया. फरीदाबाद की रहने वाली यह युवती दिल्ली के रहने वाले युवक के साथ एक साल से रिलेशन में थी. पुलिस ने बॉयफ्रेंड को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. यह युवक पहले से शादीशुदा और एक बच्चे का पिता है.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे नोएडा के एक होटल में बॉयफ्रेंड के साथ ठहरी लड़की ने सुसाइड कर लिया है. फरीदाबाद की रहने वाली यह लड़की दिल्ली के रहने वाले युवक के साथ करीब एक साल से रिलेशन में थी. उसके बॉयफ्रेंड की ही सूचना पर पहुंची पुलिस ने लड़की का शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. हालांकि अभी तक उसके सुसाइड की कोई ठोस वजह सामने नहीं आई है.
मामला नोएडा के सेक्टर 20 कोतवाली क्षेत्र में सेक्टर 19 स्थित एक होटल का है. पुलिसके मुताबिक लड़की की पहचान फरीदाबाद की रहने वाली कोमल के रूप में हुआ है. वहीं उसका बॉयफ्रेंड सुमित नॉर्थ दिल्ली का रहने वाला है. सुमित ने पुलिस को घटना की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने सुमित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. अब तक की पूछताछ में सुमित ने बताया कि दोनों ने सहमति से होटल में कमरा बुक किया था और सोमवार की शाम आकर इसमें ठहरे थे.
फांसी पर लटकी थी लड़की
सुमित ने पुलिस को बताया कि देर रात उसकी नींद खुली तो युवती होटल के कमरे में ही फांसी पर लटकी हुई थी. यह देखकर वह घबरा गया और उसने तुरंत डॉयल 112 पर फोन कर घटना की जानकारी दी. इस सूचना पर पहुंची पुलिस ने लड़की का शव कब्जे में लेते हुए होटल और कमरे को सील कर दिया है. पुलिस की सूचना पर पहुंचे परिजनों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है. हालांकि अभी तक सुसाइड का कोई ठोस कारण पता नहीं चला है.
एक साल से था रिलेशन
पुलिस के मुताबिक लड़की के बॉयफ्रेंड सुमित ने पूछताछ में बताया है कि दोनों एक दूसरे से ना केवल परिचित थे, बल्कि एक साल से रिलेशन में भी थे. सुमित शादीशुदा है और एक आठ साल की बेटी का बाप भी है. आशंका है कि लड़की को इसकी जानकारी नहीं थी और पता चलने पर ही उसने सुसाइड किया है. हालांकि पुलिस अभी कुछ कहने से बच रही है. पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है.