जेवर एयरपोर्ट उद्घाटन: PM की रैली में पहुंचेंगे डेढ़ लाख लोग, नोएडा पहुंची SPG

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लोकार्पण से पहले सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं. पीएम मोदी 28 मार्च को इसका उद्घाटन करेंगे. जहां उद्घाटन समारोह में एक विशाल जनसभा भी होगी. पीएम के दौरे से पहले SPG नोएडा पहुंच गई है, जिसने पूरे कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था को अपने हाथ में ले ली है.

PM मोदी 28 मार्च को करेंगे नोएडा एयरपोर्ट का लोकार्पण Image Credit:

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियां तेज कर दी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मार्च को इस महत्वकांक्षी परियोजना का लोकार्पण करने के लिए जेवर पहुंचेंगे. उनके दौरे को लेकर मिनट टू मिनट कार्यक्रम की तैयारी चल रही है. जिसमें सुरक्षा ट्रैफिक और जनसभा से जुड़े हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री सुबह करीब 11:30 बजे एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन का निरीक्षण करेंगे. इसके बाद दोपहर लगभग 12 बजे एयरपोर्ट के पहले चरण का औपचारिक लोकार्पण करेंगे. पीएम मोदी एक बड़ी जनसभा को भी संबोधित करेंगे जिसमें डेढ़ से ज्यादा लोगों के शामिल होने की संभावना है. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर SPG ने नोएडा में डेरा डाल लिया है.

SPG ने आज से पूरे क्षेत्र को अपने नियंत्रण में लिया

प्रधानमंत्री के दौरे से पहले सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) गुरुवार को नोएडा पहुंची, इसके साथ ही पूरे कार्यक्रम की सुरक्षा अपने हाथ में ले ली है. एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्र को नो फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया है, जमीन से लेकर आसमान तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. हर छोटी बड़ी गतिविधि पर नजर बनाई जा रही है.

SPG और स्थानीय पुलिस मिलकर आईजी स्तर के अधिकारियों की निगरानी में सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे रही है. हर एंट्री पॉइंट और एग्जिट प्वाइंट पर चेकिंग बढ़ा दी गई है, बिना अनुमति किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है. वहीं, खुफिया एजेंसी अब पूरी तरह सतर्क हो गई हैं, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके.

होटल-ढाबो में सघन चेकिंग, संचालकों को निर्देश

एयरपोर्ट के आसपास के गांव होटल और ढाबो में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. जेवर, दनकौर और रबूपुरा क्षेत्र की पुलिस बाहरी लोगों की जानकारी जुटा रही है. होटल संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वह हर आने जाने वाले लोगों की सूचना प्रशासन को दे. SPG और प्रशासन प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर किसी भी तरह की चूक नहीं चाहता है.

प्रधानमंत्री की जनसभा को लेकर भी तैयारियां जोरों पर हैं. प्रशासन का अनुमान है कि इस कार्यक्रम में करीब डेढ़ लाख लोग शामिल हो सकते हैं. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अलग-अलग सेक्टर बनाए गए हैं. पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई है इसके साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्लान तैयार किए गए हैं.

6000 गाड़ियों के लिए बनाए गए 12 पार्किंग लॉट

कार्यक्रम से पहले एयरपोर्ट तक पहुंचने वाले सभी प्रमुख मार्गो को दुरुस्त किया जा रहा है. पीएम की रैली में जुटने वाली भीड़ को देखते हुए 12 पार्किंग लॉट बनाए गए है, जहां 6000 से ज्यादा गाड़ियों के पार्किंग की व्यवस्था होगी. सुरक्षा एजेंसियों की ओर से हेलीपैड से लेकर जनसभा स्थल तक हर मूवमेंट की बारीकी से निगरानी की जा रही है .

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन न सिर्फ एक बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट है बल्कि यह पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास के लिए अहम कदम माना जा रहा है. इस एयरपोर्ट के शुरू होने से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्र के कनेक्टिविटी में भी बड़ा सुधार होगा. व्यापार और पर्यटन को भी इससे नई गति मिलने की उम्मीद है.

Follow Us