18वीं मंजिल से महिला ने क्यों लगाई छलांग? सामने आई ये वजह, जांच में जुटी पुलिस
नोएडा की लोटस स्पेसिया सोसाइटी में एक 46 वर्षीय महिला ने 18वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली. पति ने बताया कि वह मानसिक तनाव से जूझ रही थी. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और घटना के हर पहलू की जांच कर रही है. फोरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके.
नोएडा की सेक्टर 100 स्थित लोटस स्पेसिया सोसाइटी में मंगलवार की सुबह एक दिल दहलाने वाली घटना हुई. यहां एक 46 वर्षीय महिला ने 18वीं मंजिल से संदिग्ध परिस्थिति में कूद गई. घटना के बाद पूरी सोसाइटी में अफरा तफरी मच गई है. सूचना मिलने पर पहुंची सेक्टर 39 थाना पुलिस फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.
जानकारी के मुताबिक मृतका की पहचान पारुल अग्रवाल के रूप में हुई है. वह लोटस स्पेसिया सोसायटी के पर्ल टावर 32 के फ्लैट नंबर 1803 में अपने पति और परिवार के साथ रहती थी. मंगलवार सुबह करीब 9:15 बजे के आसपास उन्होंने फ्लैट की 18वीं मंजिल से छलांग लगा दी. ऊंचाई से गिरने के कारण उनके सिर हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. इस घटना के बाद सोसायटी में हड़कंप मच गया.
मानसिक तनाव में थी महिला
प्रारंभिक पूछताछ में महिला के पति पल्लव अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी पिछले काफी समय से मानसिक तनाव और डिप्रेशन से गुजर रही थी. उन्होंने बताया कि घटना के समय में वह अपनी बेटी के साथ घर से बाहर गए हुए थे. इसी दौरान पारुल ने फ्लैट की बालकनी से छलांग लगा दी. हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी केवल परिजनों के बयान के आधार पर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता. महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही पता चल पाएगा.
जांच में जुटी पुलिस
सेक्टर 39 थाना पुलिस के मुताबिक फॉरेंसिक टीम के साथ घटना स्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. थाना प्रभारी डीपी शुक्ल के मुताबिक परिवार की ओर से अभी तक किसी प्रकार की लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. ऐसे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट फॉरेन्सिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया है.
