IGL का कर्मचारी बोल रहा हूं… 85 साल के बुजुर्ग से ₹12 के बिल के नाम पर ठगों ने उड़ा डाले 9.57 लाख

नोएडा में एक 85 साल के बुजुर्ग से बिल जमा ना करने पर गैस कनेक्शन काटे जाने के नाम पर ठगी कर ली गई है. बुजुर्ग के खाते से ठगों ने 30 मिनट में 6 बार के ट्रांजेक्शन के जरिए 9.57 लाख रुपये उड़ा डाले हैं.

प्रतीकात्मक तस्वीर

नोएडा में साइबर ठगों ने अब एक 85 साल के बुजुर्ग दंपत्ति को अपना शिकार बनाया है. ठगों ने चंद मिनटों में ही बुजुर्ग के खाते से 9.57 लाख रुपये उड़ा डाले. शुरू में बुजुर्ग को इसकी जानकारी नहीं हुई. लेकिन कई बार ट्रांजेक्शन के मैसेज आने के बाद बुजुर्ग दंपत्ति को इसकी जानकारी हुई. उन्होंने 1930 पर कॉल करके इसकी शिकायत दर्ज कराई. साइबर पुलिस ने बुजुर्ग की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है.

साइबर सेल थाना प्रभारी विजय राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि 85 वर्षीय बुजुर्ग आदित्य को 25 नवंबर की शाम करीब 4:40 बजे एक कॉल आई. उन्होंने जब कॉल पिक की तो उधर से आवाज आई कि IGL का कर्मचारी बोल रहा हूं आपके गैस का बिल बकाया रह गया है. इसे जल्दी जमा कर दीजिए वरना कनेक्शन कट जाएगा.

ऐसे शुरू हुआ बुजुर्ग से ठगी का खेल

ठग ने कहा कि अगर आज आज भुगतान नही किया गया तो गैस कनेक्शन बंद हो जाएगा. यह सुनकर बुजुर्ग घबरा गए कॉलर ने तुरंत उन्हें एक APK ऐप डाउनलोड करने को कहा और व्हाट्सऐप पर लिंक भेज दिया. इसके बाद ठगी का असली खेल शुरू हुआ.

सिर्फ 12 रुपये का पेमेंट से हैक हुआ पूरा बैंक खाता

साइबर सेल थाना प्रभारी ने बताया की ठग ने बुजुर्ग से कहा कि आपका सिर्फ 12 रुपये का बिल दिख रहा है. इसका भुगतान अभी कर दे. पीड़ित ने APK ऐप में RBL बैंक कार्ड डिटेल भरकर 12 रुपये का भुगतान कर दिया. उसके तुरंत बाद फोन पर लगातार ट्रांजैक्शन काटने के मैसेज आने लगे. इसके बाद बुजुर्ग को पता चला कि कुछ गलत हुआ है. चंद मिनट में ही उनका पूरा बैंक अकाउंट खाली हो गया.

6 बार में ठगों ने उड़ा डाले 9.57 लाख रुपये

पीड़ित के अनुसार 30 मिनट में 6 बार ट्रांजैक्शन के मैसेज आए और अकाउंट से कुल 9.57 लाख रुपये ठगों ने उड़ा दिए. जब तक पीड़ित ने जब बैंक को अकाउंट फ्रीज़ कराने के लिए फोन किया, तब तक देर हो चुकी थी. फिलहाल बुजुर्ग दंपत्ति की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

पुलिस की चेतावनी, ऐसे किसी कॉल पर ना करें भरोसा

साइबर सेल एक्सपर्ट का कहना है कि ठगों ने ठगी करने के नए नए तरीके अपनाए हुए हैं. आम जनता को सलाह है कि वे किसी भी ऐसे ठग बहकावे में ना आए और ओटीपी बिल्कुल ना बताएं. साथ ही उनकी बताई गई कोई भी ऐप अपने मोबाइल में डाउनलोड ना करें. साइबर सेल से बचने के लिए जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है.