थक-हारकर लंदन चले गए पिता, बेटे युवराज की मौत की SIT रिपोर्ट अब तक सामने न आई
नोएडा के सेक्टर-150 में सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की मौत हो गई थी. लेकिन एक महीना बीत जाने के बाद भी SIR रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं हो पाई है. अब इंजीनियर युवराज के पिता रिपोर्ट का इंतजार करते-करते थक हारकर बेटी के साथ लंदन चले गए हैं.
नोएडा सेक्टर 150 में खाली पड़े प्लॉट के गड्ढे में गिरने से इंजीनियर युवराज की दर्दनाक मौत हो गई थी. उस एक्सीडेंट को तकरीबन एक महीने बीत चुके हैं. हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रशासन की लापरवाही की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया था. 5 दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए थे. हालांकि, रिपोर्ट सौंपे जाने के तकरीबन 20 दिन बाद भी वह सार्वजनिक नहीं हो सकी है.
बेटे के मौत के बाद टूट गए थे पिता
हादसे के बाद इंजीनियर युवराज के पिता काफी टूट गए थे. पत्नी का पहले निधन हो चुका था. बेटी की शादी हो चुकी है. वह अपने पति के साथ लंदन रहती है. वह नोएडा में अपने बेटे के साथ रहते थे. लेकिन अब बेटा भी इस दुनिया को अलविदा कह चुका है.
पिता को अपने साथ लंदन ले गई बेटी
ऐसे में वह यहां काफी अकेले हो गए थे. बीच में उनके पैतृक परिवार से कुछ लोग आए थे, लेकिन वे भी वापस पटना लौट गए. हादसे के 16 दिनों बाद बेटी पिता से मिलने ग्रेटर नोएडा आई. यहां पिता की देखभाल करने वाला कोई नहीं है तो दो दिन रुकने के बाद बेटी पिता को अपने साथ दिल्ली ले गई. फिर वहां से लंदन के लिए रवाना हो गई.
कैसे हुआ था हादसा?
16 जनवरी की रात युवराज की कार अनियंत्रित होकर नाले की दीवार तोड़ते हुए बेसमेंट के लिए खोदे गए प्लाट के पानी भरे गड्ढे में जा गिरी थी. करीब 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवराज मेहता के शव को बाहर निकल गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. स्थानीय निवासियों ने निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था और संबंधित विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाए थे.
एसआईटी रिपोर्ट ना जारी होने पर उठे सवाल
हादसे के बाद शासन ने जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ करवाई का आश्वासन दिया गया था. लेकिन एसआईटी रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं हो पाई है. अब सवाल यह हादसे और लापरवाही के पीछे का असल जिम्मेदार कौन है. घटना के दो दिन बाद प्राधिकरण के सीईओ को उनके पद से हटा दिया गया था. फिर एक-दो जेई के खिलाफ कार्रवाई की गई.
जांच रिपोर्ट का इंतजार करते रह गए युवराज के पिता
अब सवाल यह है कि आखिर किस विभाग के लापरवाही से युवराज मेहता की मौत हुई थी. दोषियों पर अभी तक क्यों करवाई नहीं हो पाई. इंजीनियर युवराज के पिता भी इस रिपोर्ट का इंतजार करते-करते अपनी बेटी के साथ विदेश रवाना हो गए. हालांकि, प्रशासन अब भी कार्रवाई का आश्वासन दे रहा है.
