जंग 4000 KM दूर, लेकिन धमाके की गूंज नोएडा तक, मां बोली-बेटे की कॉल पर सुनाई देती है सायरन की आवाजें

जंग ईरान की अमेरिका और इजरायल से हो रही है. धमाके खाड़ी देश में हो रहे हैं. लेकिन इसकी गूंज यूपी के नोएडा में भी सुनाई दे रही है. यहां के कई परिवारों के सदस्य खाड़ी देश में फंसे हुए हैं. ऐसे में जैसे-जैसे जंग भीषण होती जा रही है उन्हें अपने परिवार के सदस्यों की सलामती की चिंता होने लगी है.

युद्ध के बीच अरब देश में फंसा नोएडा का युवक

ईरान अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध की जद में खाड़ी के तकरीबन सभी देश हैं. सउदी अरब, दुबई, कुवैत समेत कई खाड़ी देशों में लगातार धमाके हो रहे हैं. अब उन धमाकों की गूंज 5000 किलोमीटर दूर नोएडा में सुनाई देने लगी है. दरअसल, यहां के कई लोग इस युद्ध से प्रभावित हो रहे देशों में फंसे हुए हैं.

ग्रेटर नोएडा के रहने वाले इरफान अपने सऊदी अरब में काम करने वाले बेटे इसरार से फोन पर बात कर रहे थे. इस दौरान उन्हें अचानक से तेज धमाका और सायरन की आवाज सुनाई दी. फोन पर इन आवाजों को सुन वह सन्न हो गए. बेटे ने बताया कि पापा मिसाइल गिरी है. उस वक्त इरफान को समझ नहीं क्या करें. फिर जब दोबारा बेटे से संपर्क हुआ तो इसरार ने खुद को सुरक्षित बताया.

बेटा कॉल करता है तो सायरन की आवाजें आती हैं

वहीं, ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा गांव की रहने वाली हसीना का बेटा सगीर सऊदी अरब के रियाद में भी ड्राइविंग का काम करता है. करीब 20 वर्षों से विदेश में रह रहा सगीर पहली बार इतने तनाव माहौल का सामना कर रहा है. सगीर की मां हसीना कहती हैं युद्ध की खबर टीवी पर देखे थे. लेकिन अब जब बेटा कॉल करता है तो उधर से सायरन की आवाज आती रहती है. बेटा कहता है कि लोगों को बेसमेंट में शिफ्ट किया जा रहा.

चिंता के मारे मां को नहीं आती रातों को नींद

हसीना कहती हैं कि उन्हें हर समय चिंता रहती है कि जहां बेटा है वहां धमाका ना हो जाए. उन्हें रातों को नींद आनी बंद हो गई है. हमेशा बेटे की सलामती की दुआएं करती रहती हैं. वहीं, रबूपुरा के मोहल्ला शहीद नगर निवासी अंसार खान हाल ही में कुवैत से भारत वापस लौटे थे. उनका इरादा कुछ दिनों में वापस जाने का था. लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए उन्होंने यात्रा स्थगित कर दी है.

‘कामकाज जारी है लेकिन माहौल सामान्य नहीं’

अंसार खान बताते हैं कि वहां कामकाज जारी है लेकिन माहौल सामान्य नहीं है. लोग काम तो कर रहे हैं लेकिन सब तनाव में हैं. दोस्तों से जानकारी मिली है कि वहां सुरक्षा बलों की आवाजाही बढ़ गई है और हर किसी को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है. ऐहतियात पहले जरूरी है. कामकाज तो चलता रहेगा. ग्रेटर नोएडा से ऐसे कई सारे सदस्य हैं जिनके परिवार के सदस्य के काम या पढ़ाई के सिलसिले में अरब देशों में फंसे हुए हैं.

गौतमबुद्धनगर प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया

खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव को देखते हुए गौतम बुद्ध नगर जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए है. प्रशासन ने अपील की है कि जिन परिवारों के सदस्य खाड़ी देशों में रह रहे हैं, वे आकर जानकारी दर्ज कराए ताकि समय पड़ने पर उनतक तुरंत सहायता पहुंचाई जा सके. प्रशासन लोगों से अपील की है कि वे किसी तरह के अफवाह से बचें और आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा रखें.