सुसाइड या दुर्घटना…नोएडा में भंगेल एलिवेटेड रोड से कूदा युवक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ ये खुलासा

नोएडा के सेक्टर 49 में एक युवक ने नौकरी छूटने से हुए मानसिक तनाव के चलते एलिवेटेड रोड से कूदकर आत्महत्या कर ली. मृतक का नाम दीपू था, जो बिहार का निवासी था और सुरक्षा गार्ड का काम करता था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शराब के नशे में होने की बात भी सामने आई है, जिस पर पुलिस जांच कर रही है. परिजनों ने कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है.

नोएडा में एलिवेटेड रोड से कूदा युवक Image Credit:

नोएडा के सेक्टर 49 थाना क्षेत्र के अंतर्गत नवनिर्मित एलिवेटेड रोड से छलांग लगाकर एक युवक ने आत्महत्या कर ली. मिली जानकारी के अनुसार, युवक की नौकरी छूट गई थी, जिसके कारण वो मानसिक तनाव में था और इसी वजह से उसने यह बड़ा कदम उठाया. बताया जा रहा है कि कल यानी 24 नवंबर की दोपहर एक युवक एलिवेटेड रोड पर दिखाई दिया था. मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, युवक कई बार एलिवेटेड रोड पर आता-जाता दिखाई दिया, हालांकि, राहगीरों ने इस पर विशेष ध्यान नहीं दिया. कुछ ही देर में उसने एलिवेटेड रोड से छलांग लगा दी.

आनन-फानन में युवक को किसी तरह अस्पताल पहुंचाया गया. गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन युवक की जान नहीं बचाई जा सकी. मौके पर पुलिस को बुलाया गया. पुलिस ने मृत युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

थाना प्रभारी का बयान और जांच

घटना के बारे में थाना प्रभारी का कहना है कि दोपहर लगभग 1:30 बजे उन्हें इस घटना की जानकारी दी गई. पुलिस को बताया गया कि नोएडा के एलिवेटेड रोड से छलांग लगाकर एक युवक ने आत्महत्या कर ली है. पुलिस अलग-अलग एंगल से घटना की जांच कर रही है.

बताया जा रहा है कि मृतक युवक का नाम दीपू था, जो बिहार का रहने वाला था. वो यहां सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था. दीपू की नौकरी छूट गई थी, जिस वजह से वो परेशान रहता था और मानसिक तनाव में था.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट

पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी सामने आई है, जिसमें युवक के शराब के नशे में होने की बात कही गई है. इस आधार पर यह संभावना भी व्यक्त की जा रही है कि नशे की हालत में वो एलिवेटेड रोड से गिर गया हो. युवक के परिजनों को इसकी जानकारी दी गई और बाद में शव उन्हें सौंप दिया गया. वोीं, थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि परिजनों के द्वारा कोई लिखित शिकायत थाने में नहीं दी गई है.

Follow Us