मुंह के कैंसर से त्रस्त हो गया था मरीज, नोएडा के ESIC अस्पताल की 5वीं मंजिल लगा दी छलांग, परिवार हुआ बेसहारा
मुंह के कैंसर से परेशान मरीज ने नोएडा के ESIC अस्पताल की 5वीं मंजिल से लगाई छलांग लगाकर अपनी जान दे दी है. वह अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला शख्स था. मरीज के सुसाइड करने से उसका परिवार बेसहारा हो गया है.
नोएडा के सेक्टर 24 स्थित ईएसआईसी अस्पताल मैं एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां कैंसर से जूझ रहे एक मरीज ने अस्पताल की पांचवी मंजिल से कुदकर आत्महत्या कर ली. इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि यह घटना बुधवार शाम करीब 6 बजे की है, जब मरीज ने अचानक अस्पताल की खिड़की से छलांग लगा दी. घटना इतनी अचानक हुई की अस्पताल स्टाफ और परिजन कुछ समझ पाते उससे पहले ही सब कुछ खत्म हो गया.
परिवार में इकलौता कमाने वाला शख्स था मृतक
मृतक की पहचान मुकेश कुमार के रूप में हुई है जो कि नोएडा के भंगेल गांव में अपने परिवार के साथ रहता था. वह एक निजी कंपनी में गार्ड की नौकरी करता था. वह अपने परिवार का पूरा खर्चा खुद ही उठता था. परिवार में उसकी पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं. मृतक की मौत के बाद उसका परिवार टूट गया है. अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक मृतक मुकेश मुंह के कैंसर से पीड़ित था. उसका इलाज इसी अस्पताल में ही चल रहा था.
9 मार्च को ईएसआईसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था मरीज
कई जगह इलाज करने के बाद उसे 9 मार्च को ईएसआईसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. यहां उसका उपचार चल रहा था.अस्पताल के कर्मचारियों का कहना था की भर्ती होने के बाद से वह काफी तनाव में था. मानसिक रूप से परेशान रहता था. उस अकेले के ऊपर पूरे घर की जिम्मेदारी थी. घटना के समय परिजन भी अस्पताल में मौजूद थे जो इस हादसे से पूरी तरह टूट चुके हैं.
पुलिस कर रही सुसाइड के मामले की जांच
थाना प्रभारी नोएडा सेक्टर 24 सुबोध कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक मुकेश काफी लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहा था. वह अपनी बीमारी को लेकर परेशान था. बुधवार को करीब शाम 6 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि एक मरीज ने अस्पताल की पांच मंजिल से कूद कर आत्महत्या कर ली है,सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है.