नोएडा में तेज रफ्तार का कहर! नर्सिंग स्टाफ को कार से रौंदा, बाइक समेत 10 मीटर तक घसीटा; मौत
नोएडा में शराब के नशे में धुत एक रईसजादे ने बाइक सवार नर्सिंग स्टॉफ को टक्कर मारी, फिर उसे 10 मीटर तक घसीट डाला. इससे बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई. इस हादसे में एक परिवार का इकलौता चिराग बुझ गया. घटना नोएडा की सेक्टर 113 थाना क्षेत्र स्थित पृथला फ्लाईओवर के पास की है.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा में शराब के नशे में धुत एक रईसजादे ने बाइक सवार नर्सिंग स्टॉफ को टक्कर मारी, फिर उसे 10 मीटर तक घसीट डाला. इससे बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई. इस हादसे में एक परिवार का इकलौता चिराग बुझ गया. घटना नोएडा की सेक्टर 113 थाना क्षेत्र स्थित पृथला फ्लाईओवर के पास की है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर उसकी गाड़ी सीज कर दी है.
मृतक की पहचान शहर के एक निजी अस्पताल में कार्यरत नर्सिंग स्टाफ आदित्य कुमार निवासी हिंडन विहार बरौला के रूप में हुई है. इस हादसे के संबंध में मृतक के चाचा सौरभ की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक आदित्य कुमार गौर सिटी स्थित एक निजी अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के रूप में कार्यरत था. देर रात करीब 1 बजे वह ड्यूटी खत्म कर बाइक से अपने घर लौट रहा था. जैसे ही वह पृथला फ्लाईओवर के पास सर्विस रोड से मेन रोड की ओर बढ़ा, पीछे से आई तेज रफ्तार स्कोडा कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दिया.
चोट और सड़क पर घिसटने से मौत
हादसे के बाद कार सवार ने गाड़ी भगाने की कोशिश की. इससे आदित्य भी बाइक समेत घिसटते हुए 10 मीटर तक चला गया. इससे लगी चोट और घिसटने की वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हालांकि मौके पर मौजूद राहगीरों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं आरोपी कार चालक को हिरासत में लेकर पुलिस ने उसकी गाड़ी सीज कर दी है.
इकलौते बेटे की मौत से बिखर गया परिवार
मृतक के चाचा सौरभ के मुताबिक आदित्य अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. परिवार अब उनकी शादी की तैयारी में जुटा था. लेकिन एक पल में हुए इस हादसे ने परिवार के सभी सपनों को तोड़ दिया है. इस दर्दनाक हादसे से आदित्य की मां का रो-रो कर बुरा हाल है. थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे में इस्तेमाल हुई स्कोडा कार करीब 2 महीने पहले ही खरीदी गई थी.