ग्रेटर नोएडा में दिल दहलाने वाली वारदात, मामूली बात पर पड़ोसी को गोलियों से भून उतारा मौत के घाट

ग्रेटर नोएडा के बादलपुर क्षेत्र में मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने साथियों संग मिलकर अपने ही पड़ोसी को गोलियों से भूनकर मौत के घाट उतार दिया है. फिलहाल, आरोपी फरार है. पुलिस उनकी तलाश के लिए लगातार दबिश दे रही है.

ग्रेटर नोएडा में गोलीकांड Image Credit:

ग्रेटर नोएडा के थाना बादलपुर क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक मामूली कहासुनी इस कदर बढ़ गई कि एक युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर अपने ही 50 वर्षीय पड़ोसी की गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. इस पूरी घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है.

गोली मारकर उतारा मौत के घाट

जानकारी के मुताबिक वारदात बादलपुर क्षेत्र के अच्छेजा गांव के पास स्थित रॉयल सिटी कॉलोनी की है. यहां रहने वाले 50 वर्षीय जीवन किशोर की देर रात उनके ही पड़ोसी विशाल कश्यप और उसके साथी विक्की से किसी बात को लेकर मामूली कहासुनी हो गई थी. विवाद इतना बढ़ा कि दोनों आरोपियों ने जीवन किशोर पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. गोली लगने से जीवन किशोर गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े. आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन जख्म इतने गहरे थे कि उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.

सीसीटीवी फुटेज हुआ वायरल जांच में जुटी पुलिस

इस हत्याकांड का जो सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है, वह पुलिस के लिए सबसे बड़ा सबूत बन गया है. इस फुटेज में साफ़ देखा जा सकता है कि दो लोग मृतक जीवन किशोर को उनके घर से अपने साथ बाहर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिसके कुछ ही देर बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस के आला अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया.

क्या बोले अधिकारी जल्द होगी गिरफ्तारी

एडिशनल डीसीपी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आपसी विवाद और कहासुनी का प्रतीत हो रहा है. आरोपियों की पहचान विशाल कश्यप और उसके साथी विक्की के रूप में हुई है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं, जो अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Follow Us