घर खर्च के विवाद में पिता ने मारा था थप्पड़, बेटे ने दिया ऐसा जवाब कि… निकल आईं आंखें
नोएडा में एक कलयुगी बेटे ने घर खर्च के मामूली विवाद में अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी. पिता द्वारा थप्पड़ मारने से आक्रोशित बेटे ने रॉड से ऐसा वार किया कि पिता की आंखें निकल आईं और मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है.
राष्ट्रीय राजधानी ऐ सटे नोएडा में एक कलयुगी बेटे की दिल दहलाने वाली करतूत सामने आई है. आरोपी ने रॉड से मारकर अपने ही पिता की हत्या कर दी है. आरोपी के रॉड से एक ही वार में बुजुर्ग पिता की आंखें निकलकर जमीन पर गिर गईं. पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है. मामला नोएडा में एक्सप्रेसवे थाना क्षेत्र का है. पुलिस के मुताबिक पिता-पुत्र के बीच घर खर्च को लेकर विवाद हुआ था. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान राकेश के रूप में हुई है. वह पेशे से ट्रक ड्राइवर था. वह अपने परिवार के साथ एक्सप्रेसवे थाना क्षेत्र में रहता था. वहीं आरोपी बेटा सत्येंद्र भी शहर में ओला कैब चलाता था. हाल ही में सत्येंद्र की शादी हुई थी. इसलिए घर खर्च बढ़ गया था. आरोप है कि सत्येंद्र घर खर्च में सहयोग नहीं करता था, इसलिए आए दिन पिता-पुत्र में विवाद होता रहा था.
शुक्रवार शाम की घटना
एसीपी थर्ड नोएडा राकेश प्रताप सिंह के मुताबिक शुक्रवार की शाम को राकेश कुछ दोस्तों के साथ घेर में बैठकर शराब पी रहा था. इसी दौरान उसका बेटा सत्येंद्र वहां आया तो पिता ने अपने दोस्तों के सामने ही बेटे से घर खर्च की मांग कर दी. इस बात पर दोनों में बहस हुई. इसी दौरान राकेश ने बेटे को थप्पड़ मार दिया. इससे सत्येंद्र को बेइज्जती का एहसास हुआ और उसने पास में खड़े ट्रैक्टर से रॉड खींच कर पिता पर वार कर दिया.
एक ही वार में निकल आईं आंखें
अचानक हुए इस हमले से राकेश जमीन पर गिर पड़ा. यह वार इतना तेज था कि राकेश की आंखें निकलकर जमीन पर गिर गईं और मौके पर ही राकेश की मौत हो गई. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है. पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने वारदात कबूल कर लिया है. अब पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेजने की तैयारी में है.