बेटी पर थी बुरी नजर, विरोध पर गला काटकर झाड़ियों में छिपाया शव; हवस की आग में बाप बना हैवान

ग्रेटर नोएडा में एक सौतेले पिता ने रिश्तों को तार-तार कर दिया. आरोपी ने अपने 14 वर्षीय बेटी को हवस का शिकार बनाने का प्रयास किया, वहीं विरोध पर गला काटकर हत्या कर दी. इसके बाद आरोपी ने शव को झाड़ियों में छिपाकर खुद गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई. हालांकि सीसीटीवी फुटेज से आरोपी बेनकाब हुआ और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां एक युवक ने अपनी सौतेली बेटी से रेप की कोशिश की. यह बात बेटी ने अपने ननिहाल वालों को बता दी तो आरोपी ने बहाने से यमुना पुश्ते पर ले गया और गला काटकर शव को झाड़ियों में छिपा दिया. वहीं पुलिस को गुमराह करने के लिए खुद ही थाने जाकर गुमशुदगी भी दर्ज करा दी. हालांकि पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी को दबोच लिया है. पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने वारदात और वारदात की वजह कबूल लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

यह वारदात ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र में 21 अप्रैल के दोपहर की है. आरोपी की ही सूचना पर हरकत में आई पुलिस ने उसकी 14 साल की बेटी की शव बरामद कर लिया है. जेवर थाना पुलिस के मुताबिक आर एंड आर कॉलोनी में रहने वाले सुरेंद्र सिंह ने शिकायत दी थी. बताया कि उनकी 14 वर्षीय बेटी दूध लेने के लिए घर से निकली, लेकिन अब तक वापस नहीं लौटी. इस सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की. पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू किए तो एक जगह की फुटेज में आरोपी खुद ई-रिक्शा में बेटी के साथ जाते नजर आया, लेकिन थोड़ी देर बाद ही वह अकेले लौटा था.

आरोपी ने कबूला सच

इस फुटेज से पुलिस को शक हुआ तो आरोपी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई. इस दौरान आरोपी ने सच कबूल लिया. ग्रेटर नोएडा जोन के डीसीपी डॉ. प्रवीन रंजन ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने यमुना पुश्ते के पास से झाड़ियां में से नाबालिग का शव बरामद किया है. शव कई दिन पुराना होने के कारण कंकाल में तब्दील हो चुका था. उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी ने साजिश के तहत इस वारदात को अंजाम दिया, लेकिन सीसीटीवी कैमरे की वजह से पोल खुल गई.

छठीं शादी के बाद भी बेटी पर बुरी नजर

पुलिस के मुताबिक आरोपी सुरेंद्र की यह छठीं शादी थी. मृत लड़की उसकी छठवीं बीवी की बेटी थी. जांच में पता चला है कि आरोपी इस लड़की पर बुरी नीयत रखता था. पिछले दिनों उसने बच्ची से रेप की भी कोशिश की थी. इसकी जानकारी इस बच्ची ने अपने ननिहाल वालों को दे दी. इससे नाराज आरोपी ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया. पुलिस के मुताबिक शव के पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है.

Follow Us