मामूली कहासुनी में मां को घोंपा चाकू, फिर 5वीं मंजिल से कूद कर दे दी जान; दिल दहला देगी वारदात

ग्रेटर नोएडा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एक युवक ने मामूली विवाद के बाद अपनी मां पर चाकू से हमला किया और फिर पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली. पुलिस जांच में युवक की मानसिक बीमारी का खुलासा हुआ है, और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है. इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है.

ग्रेटर नोएडा की इस सोसायटी में हुआ हादसा Image Credit:

राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित बिसरख कोतवाली क्षेत्र की राधा स्काई गार्डन सोसाइटी में एक दिल दहलाने वाली घटना हुई है. यहां मामूली विवाद में शुक्रवार की रात एक युवक ने अपनी मां पर चाकू से हमला किया. फिर खुद सोसायटी की पांचवी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी. इस घटना में गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान मूल रूप से पतवाड़ी गांव के रहने वाले सागर यादव के रूप में हुई है. फिलहाल वह अपने परिवार के साथ सोसायटी के टावर 1 फ्लैट नंबर 1804 में रह रहा था.

पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला है कि शुक्रवार की रात वह किसी बात को लेकर अपनी मां से झगड़ा कर रहा था. इसी झगड़े में उसने अपनी मां पर चाकू से वार किया. इसमें गंभीर रूप से घायल हो गईं. फिर वह फ्लैट से बाहर आया और देखते ही देखते पांचवीं मंजिल से नीचे छलांग लगा दी. स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है. इसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.

मानसिक बीमार था युवक

एडिशनल डीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र सिंह के मुताबिक शव का पंचनामा कराया है. इसमें पता चला है कि युवक मानसिक रूप से बीमार था. इसी बीमारी की वजह से उसकी पहले मां के साथ झड़प हुई और फिर उसने सुसाइड कर लिया. उन्होंने बताया कि शुरुआती तौर पर मामला पारिवारिक विवाद के रूप में सामने आया है. हालांकि पुलिस मामले को हर संभावित एंगल से परखने की कोशिश कर रही है. इस संबंध में परिजनों के भी बयान दर्ज किए जा रहे हैं.

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के मुताबिक इस घटना के कारणों को लेकर परिजनों से काफी पूछताछ की गई है. मृतक की घायल मां के भी बयान लिए गए हैं, लेकिन अभी तक घटना का कोई ठोस कारण निकलकर सामने नहीं आया है. ऐसे में पुलिस मृतक के परिजनों और रिश्तेदारों के अलावा पास पड़ोस के लोगों से पूछताछ कर रही है.

Follow Us