नोएडा-गाजियाबाद समेत 45 जिलों में बारिश, 70 KM की रफ्तार से तूफान का अलर्ट; जानें मौसम अपडेट

उत्तर प्रदेश के 45 से अधिक जिलों में तेज बारिश और 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान का अलर्ट जारी किया गया है. भारतीय मौसम विभाग ने भीषण गर्मी से राहत की खबर देते हुए बताया कि नोएडा, गाजियाबाद समेत कई क्षेत्रों में तापमान 5-7 डिग्री गिरेगा. यह सक्रिय वेदर सिस्टम लोगों को राहत देगा, जिससे प्रदेशभर में मौसम बदलेगा.

यूपी में मौसम का हाल Image Credit:

उत्तर प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच एक राहत की खबर है. गुरुवार को प्रदेश के 45 से अधिक जिलों में झमाझम बारिश हो सकती है. इस दौरान 70 किमी प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती है. इस संबंध में भारतीय मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक गुरुवार को पूरे प्रदेश में गर्मी से बड़ी राहत मिलने वाली है.

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक यह स्थिति एक बेहद ताकतवर और सक्रिय वेदर सिस्टम की वजह से बन रही है. इन परिस्थितियों में तापमान में भी गिरावट आएगी. हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के 45 जिलों में अलर्ट जारी किया है. इनमें पूर्वांचल, बुंदेलखंड, पश्चिमी यूपी और मध्य क्षेत्र के जिले शामिल हैं. इन सभी जिलों में तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश की संभावना है.

इन जिलों में होगी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), बुलंदशहर, बागपत, मेरठ, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर आदि जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसी प्रकार बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, इटावा, और औरैया आदि जिलों में आंधी तूफान के साथ बारिश का अलर्ट है.

देवरिया गोरखपुर में भी बदला मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक गोरखपुर, देवरिया, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर आदि जिलों में मौसम ने करवट ली है. गुरुवार को इन जिलों में भी आंधी तूफान के साथ बारिश का अलर्ट है. इसी प्रकार आगरा, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, फिरोजाबाद, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल आदि जिलों में भी बारिश के आसार हैं.

गर्मी से मिलेगी राहत

इस समय उत्तर प्रदेश में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है. इसकी वजह से लोगों को ना तो दिन में चैन मिल रहा और ना ही रात में सुकून मिल रहा. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मौसम में हुए इस बदलाव की वजह से 11 जून को होने वाली मूसलाधार बारिश से तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्री मानसून की इस बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.

Follow Us