नोएडा से झांसी तक आंधी-तूफान, पश्चिमी UP के कई जिलों में बारिश संग ओलावृष्टि; देखें IMD का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मौसम ने फिर करवट ली है. पश्चिमी UP और बुंदेलखंड में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है. IMD के अनुसार, नोएडा से झांसी समेत 50 से अधिक जिलों में इसका असर दिखेगा, जिससे तापमान में गिरावट आई है और लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है. यह बदलाव एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण है.
उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम रंग बदल रहा है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शुक्रवार की सुबह से ही धूप-छांव के साथ हल्की बारिश का दौर जारी था, आज शनिवार को पूर्वांचल में भी आंधी के साथ बारिश का अलर्ट है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक आज यूपी के 50 से अधिक जिलों में आंधी तूफान के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कई जिलों में ओलावृष्टि के साथ ही बिजली गिरने की भी संभावना है.
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक आज बारिश और आंधी तूफान का ज्यादा जोर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड में देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने नोएडा-गाजियाबाद के अलावा सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर आदि जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. साथ ही आगाह किया है कि इन जिलों में तेज आंधी चल सकती है. साथ ही हल्की से मध्यम बारिश और कुछेक स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है.
गर्मी से मिली बड़ी राहत
मौसम में इस बदलाव की वजह से उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गर्मी से बड़ी राहत मिली है. नोएडा गाजियाबाद से लेकर मेरठ मुरादाबाद के तापमान में भी कमी आई है. मौसम विभाग के मुताबिक आज शनिवार को प्रदेश भर में मौसम सुहाना रहेगा. वहीं कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि होने की वजह से ठंडी हवाएं चल सकती हैं. ताजा बुलेटिन में दावा किया गया है कि आज 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
इस लिए बदला मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उत्तर प्रदेश के मौसम में बदलाव हुआ है. सही सही कसर अरब सागर की ओर से आ रही नमी पूरी किए दे रही है. ऐसे हालात में वातावरण में अस्थिरता बढ़ी है और आंधी पानी की स्थिति बन गई है. मौसम विभाग के मुताबिक मौसम में इस बदलाव की वजह से प्रदेश के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हुई है.
