मेरठ में जहरीली शराब का कहर, पीते ही दौराला में 2 युवकों की मौत, 1 वेंटिलेटर पर
मेरठ में जहरीली शराब पीने से दो युवकों की दुखद मौत हो गई, जबकि एक अन्य अस्पताल में जीवन-मृत्यु से जूझ रहा है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है, यह पता लगाया जा रहा है कि शराब कहां से खरीदी गई थी और इसका ब्रांड क्या था.
मेरठ में दौराला थाना क्षेत्र में शुक्रवार को जहरीली शराब पीने से दो युवकों की मौत हो गई. जबकि एक अन्य अस्पताल में जीवन-मौत से लड़ रहा है. युवक को गंभीर हालत में वेंटिलेटर पर रखा गया है. वहीं, घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है, शराब कहां से खरीदी गई थी इसका पता लगाया जा रहा है.
जानकारी के मुताबिक, दौराला कस्बे के रहने वाले जितेंद्र, दौलत और बाबूराम शुक्रवार देर शाम एक साथ शराब पी रहे थे. इसी दौरान अचानक तीनों की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए. परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान जितेंद्र और दौलत की मौत हो गई. जबकि बाबूराम की हालत गंभीर है.
शराब कहां से खरीदी गई और कौन सा ब्रांड था?
शराब पीने से मौत को लेकर इलाके में हड़कंप मच गया है. बताया जा रहा है कि शराब पीने के कुछ ही देर बाद तीनों को उल्टी और पेट में तेज दर्द होने शुरू हो गए थे. सभी मौके पर भी बेहोश हो गए. अस्पताल ले जाने पर दो की मौत हो गई. जबकि तीसरा बाबूराम को हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया.
डॉक्टरों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला किसी जहरीले पदार्थ के सेवन का लग रहा है. हालांकि मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. वहीं, थाना प्रभारी सुमन कुमार सिंह ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब कहां से खरीदी गई थी और कौन सा ब्रांड था?
उसी ब्रांड की करीब 9 पेटी शराब बिक चुकी है
मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस दुकान से शराब खरीदी गई थी, वहां से उसी ब्रांड की करीब 9 पेटी शराब बिक चुकी है, लेकिन अन्य कहीं से इस तरह की शिकायत सामने नहीं आई है. डॉक्टरों ने अभी तक मौत का स्पष्ट कारण नहीं बताया है. पुलिस जल्द विस्तृत प्रेस नोट जारी करेगी.
