ओवैसी-चंद्रशेखर की जोड़ी करेगी यूपी में खेल? 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का किया ऐलान
ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने यूपी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन की घोषणा की है. इसे 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' नाम दिया गया है. ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद के मुख्यमंत्री उम्मीदवार होने का भी ऐलान किया.
उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले एक नया सियासी गठबंधन सामने आया है. AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने हाथ मिला लिया है. दोनों नेताओं ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गठबंधन का ऐलान किया, जिसका नाम सामाजिक परिवर्तन मोर्चा रखा गया है.
नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि बीजेपी को हराने के लिए बड़ा एलायंस होना चाहिए, लेकिन कुछ लोगों में अहंकार के चलते ये नहीं हो पाया. दोनों नेताओं ने साफ किया कि उनका गठबंधन प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा. हालांकि, सीटों के बंटवारे और उम्मीदवारों को लेकर अभी कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई है.
‘थर्ड फ्रंट नहीं ये सामाजिक परिवर्तन मोर्चा है’
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यह कोई थर्ड फ्रंट नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा है. यह लगातार मजबूत होगा. इसका उद्देश्य वंचितों को सत्ता में लाना और बुनियादी सुविधाओं से वंचित समुदायों को सशक्त बनाना है. उन्होंने कहा कि अब तक बहुजन समाज को सिर्फ धोखा मिला है. कुछ लोग खुद विधायक, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बन गए, लेकिन बहुजन समाज वहां का वहां रहा.
उन्होंने कहा कि बहुजन समाज आज भी बुनियादी सुविधाओं से दूर है, लोगों को पीने का साफ पानी तक नहीं मिल पा रहा है. नगीना सांसद ने कहा कि वोट के जरिए हम दूसरों को ताकतवर बना सकते हैं, तो खुद को भी बना सकते हैं. हम अपने वोट से ताकत बनाकर अपने लोगो का भला करेंगे. वोट की ताकत से मांगने वाले नहीं देने वाले ताकतवर बनेंगे.
चंद्रशेखर आजाद होंगे CM उम्मीदवार- ओवैसी
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि दबे कुचले लोगों को बस वोटर के तौर पर इस्तेमाल किया गया. इस सरकार ने यूपी के नौजवानों के मुकद्दर में बेरोजगारी लिख दी है. ओवैसी ने गठबंधन के लिए समाजवादी पार्टी से भी संपर्क किया था, लेकिन सफलता नहीं मिली. उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘हमने लाल टोपी वाले को ऑफर दिया था, तो उसने हमें रावण बना दिया.’
उन्होंने इसे सामाजिक बदलाव की शुरुआत बताते हुए कहा कि अब भविष्य की राजनीति की जाएगी. चंद्रशेखर आजाद और प्रदेश की जनता के साथ मिलकर इंसाफ की लड़ाई को आगे बढ़ाया जाएगा. ओवैसी ने 26 नवंबर को एक बैठक आयोजित करने की भी बात कही है, संभवत: इसमें गठबंधन में आगे के फैसले पर बात हो सकती है.