इंडिया एलायंस का अब कोई मतलब नहीं… कानपुर देहात में पंकज चौधरी का कांग्रेस-सपा पर तीखा हमला

यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कानपुर देहात में संगठनात्मक बैठकें कीं और आगामी चुनावों के लिए रणनीति पर चर्चा की. इस दौरान उन्होंने 'इंडिया एलायंस' को बेमानी बताया. साथ ही कहा कि कांग्रेस-DMK का 40 साल पुराना संबंध था. लेकिन सत्ता से दूर होते ही कांग्रेस को उसका साथ छोड़ने में एक पल नहीं लगा.

यूपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी (फाइल फोटो)

भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी रविवार को कानपुर देहात के दौरे पर रहे. इस दौरान उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लिया और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी चुनावों को लेकर रणनीति पर चर्चा की. साथ ही बड़ा बयान देते हुए कहा कि इंडिया एलायंस का अब कोई मतलब नहीं बच गया है.

पंकज चौधरी के जिले में आगमन के बाद उन्होंने सबसे पहले संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी रहे रज्जनलाल के आवास पहुंचकर शिष्टाचार मुलाकात की और उनका हालचाल जाना. इस दौरान उनके साथ बीजेपी के विधायक और सांसद समेत समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष बीजेपी कार्यालय पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की.

कार्यकर्ताओं में भरा जोश, जीत का मंत्र भी दिया

पंकज चौधरी ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई. प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का संदेश दिया और साथ ही उन्हें जीत का मंत्र भी दिया.

अपने दौरे के दौरान पंकज चौधरी भोगनीपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में भी शामिल हुए. भाजपा नेतृत्व का यह दौरा संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष के दौरे से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और गति मिलेगी.

सपा ने लोगों को गुमराह किया, कांग्रेस पर भरोसा नही

पंकज चौधरी ने इसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा ने लोगों को गुमराह किया था. लेकिन अब उनका झूठ सबके सामने आ चुका हैं. इसलिए बीते दिनों कई राज्यों में हुए चुनाव के बीजेपी में प्रचंड जीत हासिल की. वहीं, उन्होंने इंडिया एलाइंस की 8 जून को दिल्ली में होने जा रही बड़ी बैठक पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी.

पंकज चौधरी ने कहा कि उस पर क्या ही बोलें 40 साल पुराना संबंध कांग्रेस और डीएमके का था. लेकिन जरा सा वो सत्ता से दूर गए और कांग्रेस को उसका साथ छोड़ने में एक पल नहीं लगा. बंगाल की भी हालत देख लिए, झारखंड के मुक्तिमोर्च की हालत देख लीजिए. उन्होंने निशाना साधते कहा कि इंडिया एलाइंस का अब कोई मतलब नहीं रह गया है.

Follow Us