‘जुल्म की इंतेहा हो गई…’, संभल में मस्जिद पर चला बुलडोजर तो भड़के सांसद जियाउर्रहमान

सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने संभल में मस्जिद पर बुलडोजर चलाए जाने पर गहरा विरोध जताया है. उन्होंने इसे 'जुल्म की इंतेहा' बताते हुए प्रशासन पर समुदाय विशेष को निशाना बनाने का आरोप लगाया. हाईकोर्ट से राहत न मिलने के बाद बर्क ने अब सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाने का ऐलान किया है.

सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क (फाइल फोटो)

संभल में नखासा थाना क्षेत्र के कसेरवा गांव में कब्रिस्तान के लिए आरक्षित सरकारी जमीन पर बनी मस्जिद को प्रशासन ने बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया. इस कार्रवाई को लेकर सियासत भी तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने इस कार्रवाई के खिलाफ कड़ा विरोध जताया है. इसे अन्यायपूर्ण बताते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए.

सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने कहा कि बिना पर्याप्त मौका दिए धार्मिक स्थलों पर कार्रवाई की जा रही है, जिससे जनता का भरोसा कानून व्यवस्था से उठता जा रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि देश सभी का है, किसी एक की जागीर नहीं है और सभी को बराबरी का अधिकार मिलना चाहिए. बर्क ने प्रशासन पर समुदाय विशेष को निशाना बनाने का आरोप लगाया.

‘बीजेपी हिंदू-मुस्लिम की नफरत बांट रही है’

सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इस कार्रवाई का विरोध जताया. फिर अपने निवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रशासन पर इस कार्रवाई को अन्यायपूर्ण बताते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा, ‘जुल्म की इंतेहा हो गई है… लाख कोशिशों, गुजारिशों और कानूनी प्रयासों के बावजूद मस्जिद को शहीद कर दिया गया.’

उन्होंने बताया कि इस मामले में हाईकोर्ट से भी राहत नहीं मिली, जहां याचिका खारिज कर दी गई. अब सपा सांसद ने साफ किया है कि वह इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे. साथ ही उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन मदरसा-मस्जिद टारगेट कर रहे हैं. हम इससे आहत है. बीजेपी हिंदू-मुस्लिम की नफरत बांट रही है.

इलाके में तनाव का माहौल, प्रशासन पूरी तरह सतर्क

वहीं मस्जिद पर बुलडोजर कार्रवाई के बाद विशेष समुदाय के लोगों में गहरी नाराजगी और भावुकता देखी जा रही है. इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. फिलहाल मौके पर प्रशासन की नजर बनी हुई है और हालात पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है. अब देखना होगा कि इस मामले में आगे क्या कानूनी और सियासी मोड़ आता है.

Follow Us