पूर्वांचल में हल्की बारिश, पश्चिम में आज फिर सताएगी गर्मी; जानें आज का मौसम अपडेट
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी है, पूर्वांचल के कुछ जिलों में आज हल्की बारिश का भी अलर्ट है, जबकि पश्चिमी यूपी में लू चलने के आसार हैं. मौसम विभाग के अनुसार, 30 जून को सोनभद्र से मानसून की एंट्री की संभावना है, लेकिन इस बार कमजोर मानसून का अनुमान है. इससे पहले सोमवार-मंगलवार को प्री-मानसून बारिश हो सकती है. शनिवार को प्रदेश में लखीमपुर खीरी सबसे गर्म जिला रहा.
उत्तर प्रदेश में मानसून दस्तक देने ही वाला है. उससे पहले आज फिर भीषण गर्मी का अलर्ट है. पूरे प्रदेश में शनिवार की शाम से ही भीषण गर्मी है. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक आज भी गर्मी से कोई राहत नहीं मिलने वाली. हालांकि आज पूर्वांचल के कई जिलों में बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक पूर्वांचल के कई जिलों में गरज चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. हालांकि पश्चिमी यूपी में आज भी मौसम शुष्क रहेगा. इस दौरान तेज धूप के साथ लू चलने की भी संभावना है.
मौसम विभाग के ताजा अलर्ट के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज मौसम साफ रहेगा. तेज धूप होगी और हवा की गति कम रहेगी. इस हिस्से में तापमान 39 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने के आसार हैं. इसकी वजह से प्रदेश के इस हिस्से में जानलेवा लू चल सकती है. जबकि पूर्वांचल में कहीं-कहीं गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है. झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं. बावजूद इसके गर्मी से कोई खास राहत मिलने के आसार नहीं हैं. पूर्वांचल के कुछ जिलों में आज लू चलने की भी संभावना है.
कहां अटका मानसून?
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से उठा मानसून जल्द ही उत्तर प्रदेश में दस्तक देने वाला है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री 30 जून को सोनभद्र जिले से हो सकती है. फिलहाल मानसून बिहार और बंगाल में एक्टिव है. हालांक वहां भी इस बार मानसून कमजोर है. ऐसे में यूपी में भी इस मानसून से ज्यादा बारिश होने का अनुमान कम ही है. मौसम विभाग के मुताबिक इससे पहले सोमवार और मंगलवार को उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून की बारिश हो सकती है.
सबसे गर्म लखीमपुर
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को उत्तर प्रदेश में सबसे गर्म जिला लखीमपुर खीरी रहा. यहां अधिकतम तापमान सर्वाधिक 43.3 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं दूसरे नंबर पर 43.0 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ बांदा रहा. इसी प्रकार आगरा में भी 43 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. वहीं लखनऊ में 42.4 और फतेहगढ़ में 42.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा.
