पहले आईसीयू में मर्डर, अब सीटी स्कैन रूम में हत्या; साथी ने ही ले ली पैरामेडिकल छात्रा की जान

पीलीभीत जिला अस्पताल के सीटी स्कैन रूम में एक पैरामेडिकल छात्रा की उसके साथी छात्र ने चाकू मारकर हत्या कर दी. यह वारदात प्रेम प्रसंग से जुड़ी बताई जा रही है, आरोपी छात्र गिरफ्तार है. इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिसकी जांच के लिए कमेटी गठित की गई है. मुजफ्फरनगर की घटना के बाद यह दूसरी बड़ी वारदात है.

पीलीभीत में पैरामेडिकल छात्रा की हत्या Image Credit:

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में जिला अस्पताल के आईसीयू में एक मरीज की पीट-पीटकर हत्या का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ कि महज 24 घंटे के अंदर पीलीभीत में एक पैरामेडिकल की पढ़ाई करने वाली छात्रा की हत्या हो गई है. यह वारदात भी जिला अस्पताल के सिटी स्कैन रूम में हुई है. इसमें साथी छात्र ने चाकू से ताबड़तोड़ वारकर छात्रा की जान ले ली. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

यह वारदात मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल के सीटी स्कैन रूम का है. पुलिस के मुताबिक वारदात के दौरान बीच-बचाव करने आई एक महिला कर्मचारी भी बुरी तरह से जख्मी हो गई है. वारदात के बाद अस्पताल के कर्मचारियों ने आरोपी छात्र को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी छात्र को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग का निकलकर सामने आया है.

पिता ने दर्ज कराया केस

पुलिस ने फिलहाल मृत छात्रा के पिता रोहताश निवासी केशरपुर बरेली की तहरीर पर आरोपी छात्र सागर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक कानपुर में थाना अरौल के ग्राम मड़ेवा में रहने वाला सागर सिंह यहां पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई कर रहा है. उसके साथ ही बरेली के केशरपुर की रहने वाली छात्रा कशिश पटेल भी पढ़ती थी. मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे दोनों जिला अस्पताल के सीटी स्कैन रूम में मौजूद थे. इसी दौरान सागर ने कशिश पटेल पर चाकू हमला कर दिया था.

गले की नस कटने से हुई मौत

पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम में कशिश के शरीर पर चाकू के कुल पांच गहरे जख्म मिले हैं. हालांकि उसकी मौत गर्दन की मुख्य नस (जुग्लर वेन) कटने के वजह से हुई बताई जा रही है. इसके अलावा कशिश के शरीर पर पीठ में बायीं ओर, दूसरे कंधे पर, गर्दन में बायीं ओर और जांघ के पास भी चाकू से वार किया है. वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से चाकू भी बरामद किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी यह चाकू अपने बैग में रखकर लाया था.

सुरक्षा में चूक की होगी जांच

मेडिकल कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. संगीता अनेजा इसे सुरक्षा में चूक बताते हुए जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया है. यह कमेटी जानने की कोशिश करेगी कि छात्र अपने साथ चाकू लेकर कैसे सीटी स्कैन रूम तक पहुंचा, जबकि यहां सुरक्षा के लिए निजी सुरक्षा एजेंसी के गार्ड तैनात रहते हैं. 24 घंटे सीसीटीवी मॉनिटरिंग भी होती है. बता दें कि इससे पहले रविवार की रात मुजफ्फरनगर के जिला अस्पताल की आईसीयू में एक मरीज की पीट-पीटकर हत्या हो गई थी.

Follow Us