दरोगा भर्ती का रिजल्ट जारी, 15.75 लाख प्रतिभागियों में से 4543 का चयन; ऐसे डाउनलोड करें स्कोरकार्ड
यूपी पुलिस में दरोगा भर्ती 2026 का फाइनल रिजल्ट जारी हो गया है. 15.75 लाख अभ्यर्थियों में से 4543 का चयन हुआ है. UPPBPB की वेबसाइट uppbpb.gov.in पर मेरिट लिस्ट उपलब्ध है. अभ्यर्थी रजिस्ट्रेशन नंबर से परिणाम देख सकते हैं. स्कोरकार्ड 22 जुलाई से डाउनलोड किए जा सकेंगे, जिसमें विस्तृत अंक होंगे.
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPBPB) ने दरोगा भर्ती परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है. इस परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की मेरिट लिस्ट बोर्ड ने अपनी वेबसाइट uppbpb.gov.in पर अपलोड कर दी है. सभी उम्मीदवार यहीं पर अपना रिजल्ट रजिस्ट्रेशन नंबर या नाम की मदद से मेरिट लिस्ट में देख सकते हैं. हालांकि इस परीक्षा का स्कोर कार्ड 22 जुलाई से डाउनलोड किया जा सकेगा.
पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक अभी फाइनल मेरिट लिस्ट जारी हुई है. लेकिन इस परीक्षा में शामिल हुए सभी अभ्यर्थियों का स्कोरकार्ड तैयार किया जा रहा है. इसे 22 जुलाई 2026 तक वेबसाइट पर अपलोड किया जा सकेगा. इसके बाद अभ्यर्थी वेबसाइट से स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकेंगे. इसके लिए अभ्यर्थियों को वेबसाइट पर अपनी यूजर आईडी से लॉगिन करना होगा. बोर्ड के मुताबिक कोई अभ्यर्थी चाहें तो इस परीक्षा का फाइनल रिजल्ट देख सकता है.
ऐसे देखें रिजल्ट
बोर्ड अधिकारियों ने रिजल्ट देखने की पूरी प्रक्रिया समझाई है. इसमें बताया है कि सबसे पहले UPPBPB की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in खोलना होगा. इस साइट के होमपेज पर Final Result का विकल्प मिलेगा. इसपर क्लिक करने से एक नया लिंक खुलेगा. इस लिंक पर आप अपने पद के अनुसार दिए गए रिजल्ट लिंक को चुनकर आगे बढ़ सकेंगे. इससे पीडीएफ फाइल खुलेगी. इसमें रजिस्ट्रेशन नंबर या नाम के जरिए परिणाम सर्च किया जा सकता है.
परीक्षा में बैठे थे 15 लाख से अधिक अभ्यर्थी
बोर्ड अधिकारियों के मुताबिक यूपी पुलिस में दरोगा भर्ती की परीक्षा में कुल 15 लाख 75 हजार 760 अभ्यर्थी शामिल हुए थे. इनकी लिखित परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को कराई गई थी. लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों का फिजिकल टेस्ट कराया गया. फिर दस्तावेजों का सत्यापन कराने के बाद आखिरी चरण के लिए 12,333 अभ्यर्थियों शार्ट लिस्ट किए गए थे. वहीं सभी चरणों को पूरा कर क्ुल 4543 अभ्यर्थिी फाइनल लिस्ट में जगह बना सके हैं.
