बारिश के बीच भरभराकर गिरी छत, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, बस बचा मासूम
प्रतापगढ़ में लगातार बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हुआ. 100 साल पुराने जर्जर मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई, जिसमें दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं. हादसे के समय परिवार एसी लगे कमरे में सो रहा था. पुलिस जांच कर रही है, और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है.
प्रतापगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गम में डुबो दिया. नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली वार्ड में देर रात करीब तीन बजे 100 साल पुराने जर्जर मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई. हादसे के समय पूरा परिवार घर के एक कमरे में सो रहा था. इस हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई.
जानकारी के मुताबिक, मृतकों में मकान मालिक प्रमोद श्रीवास्तव (60), उनकी पत्नी रीता श्रीवास्तव (55), बेटा नितिन (25), बहू माधुरी (23) और उनके दो मासूम बेटे माधव (2 वर्ष) के साथ चार माह का अद्विक शामिल हैं. परिवार का एक अन्य सदस्य अमन को किसी तरह गंभीर हालत में जिंदा बाहर निकाला गया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है.
AC कमरे में सो रहा था परिवार, अचानक हादसा
बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण मकान पहले से ही कमजोर हो चुका था. घर के जिस कमरे में एयर कंडीशनर लगा था, उसी में पूरा परिवार सो रहा था. रात के सन्नाटे में अचानक छत भरभराकर गिर गई और किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला. तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही सीओ सिटी, फायर ब्रिगेड की टीम समेत समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंची, और स्थानीय लोगों के साथ राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद मलबे में दबे सभी लोगों को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया. घायल अमन का इलाज जारी है.
मकान करीब 100 साल पुराना और जर्जर पाया गया
सीओ सिटी आशुतोष मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मकान करीब 100 साल पुराना और जर्जर पाया गया है. लगातार बारिश के चलते उसकी छत कमजोर हो गई थी, जिससे यह हादसा हुआ. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है. वहीं, एक ही परिवार के छह लोगों की मौत से पूरे वार्ड में मातम पसरा हुआ है.
रिपोर्ट- मनोज कश्यप, टीवी9, प्रतापगढ़
