प्रयागराज जंक्शन पर 50 लाख के नकली नोट बरामद, दिल्ली से कोलकाता जा रहा युवक गिरफ्तार
प्रयागराज रेलवे जंक्शन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 लाख रुपये के नकली नोटों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. वह दिल्ली से कोलकाता जा रहा था और नकली नोटों को असली के साथ मिलाकर खपाने का काम करता था.
प्रयागराज रेलवे जंक्शन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 लाख रुपये के नकली नोटों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी दिल्ली से कोलकाता जा रहा था और प्रारंभिक जांच में उसके नकली नोटों की गड्डियां खपाने वाले गिरोह से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है.
गिरफ्तार युवक की पहचान राजस्थान के बीकानेर जिले के नापासर थाना क्षेत्र के गजरूप देसर गांव निवासी 20 वर्षीय रामनिवास के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार वह प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर संदिग्ध अवस्था में घूमता मिला. तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद नीले रंग के बैग से 500-500 रुपये के नोटों के 10 बंडल बरामद किए गए.
बरामद गड्डियों में ऊपर-नीचे थे असली नोट
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली के पहाड़गंज से कोलकाता जा रहा था. वह ट्रेनों के माध्यम से नकली नोटों की गड्डियां खपाने का काम करता था. बरामद गड्डियों में ऊपर और नीचे असली 500 रुपये के नोट लगाए गए थे, जबकि बीच में सफेद कागज रखकर उन्हें पारदर्शी प्लास्टिक से पैक किया गया था, ताकि गड्डी असली नोटों जैसा प्रतीत हो.
इसके पीछे कौन-कौन शामिल हैं, जांच तेज
आरोपी इन नकली गड्डियों के बदले लोगों से असली रुपये हासिल कर अवैध कमाई करता था. जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है. यह भी जांच की जा रही है कि नकली नोटों की ये खेप कहां तैयार की गई और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं.
GRP के प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में कार्रवाई
प्रयागराज रेलवे जंक्शन पर जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. यह कार्रवाई जीआरपी प्रयागराज के प्रभारी निरीक्षक अकलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई है.
