झांसी में असद का हुआ था एनकाउंटर, वहीं अबान की मौत; अतीक परिवार के साथ ये कैसा संयोग!
माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की झांसी में सड़क हादसे में मौत हो गई. वह प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अपने भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था. तेज रफ्तार क्रेटा कार डिवाइडर से टकरा गई, जिसमें अबान और उसके एक साथी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए. खास बात यह है कि तीन साल पहले इसी झांसी में अतीक के बेटे असद अहमद का एनकाउंटर हुआ था.
माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद (21) की गुरुवार सुबह झांसी में सड़क हादसे में मौत हो गई. वह प्रयागराज से अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलने झांसी जेल जा रहा था. संयोग देखिए कि तीन साल पहले इसी झांसी में अतीक का तीसरा बेटा असद अहमद पुलिस एनकाउंटर में मारा गया था, और अब उसी शहर में सबसे छोटे बेटे अबान की सड़क हादसे में जान चली गई. इस हादसे ने एक बार फिर अतीक परिवार को सुर्खियों में ला दिया है.
अतीक की हत्या, बेटे असद के एनकाउंटर और अब अबान की मौत के बाद परिवार के अधिकांश सदस्य या तो जेल में हैं, फरार हैं या दुनिया छोड़ चुके हैं. जानकारी के मुताबिक, अबान गुरुवार सुबह अपने चार दोस्तों के साथ क्रेटा कार से प्रयागराज से झांसी के लिए निकला था. कार में कुल पांच लोग सवार थे. सुबह करीब 10:30 बजे झांसी से लगभग 70 किलोमीटर पहले पूंछ थाना क्षेत्र में कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई.
कैसे हुआ हादसा?
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया. कार में बैठे सभी लोग अंदर फंस गए. स्थानीय लोगों और पुलिस ने दरवाजा तोड़कर सभी को बाहर निकाला. हादसे में अबान अहमद और उसके दोस्त सोनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उमर अहमद, मोहम्मद जायद और असलम गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है.
हादसे की वजह क्या?
हादसे को लेकर दो अलग-अलग बातें सामने आई हैं. हादसे में घायल युवक का कहना है कि हाईवे पर ईंट पड़ी थी, जिसकी वजह से कार का संतुलन बिगड़ गया. वहीं पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार काफी तेज रफ्तार में थी. अचानक सड़क पर एक जानवर आ गया, उसे बचाने की कोशिश में चालक ने कार मोड़ी, लेकिन वाहन सीधे डिवाइडर से जा टकराया. प्रत्यक्षदर्शी दीपक यादव के अनुसार, कार की रफ्तार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटा रही होगी. टक्कर के बाद कार के टुकड़े करीब 40 फीट तक बिखर गए थे.
सिर में गंभीर चोट, मौके पर मौत
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हादसे के समय अबान आगे की सीट पर बैठा था. टक्कर के दौरान उसके सिर में गंभीर चोट लगी. हाथ-पैर भी बुरी तरह टूट गए. मौके पर ही उसकी मौत हो गई. शव को पोस्टमार्टम के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा. शुक्रवार को प्रयागराज में अतीक अहमद की कब्र के पास ही आबान को सुपुर्द-ए-खाक किए जाने की तैयारी है.
झांसी से अतीक परिवार का दूसरा दुखद रिश्ता
झांसी का नाम अतीक परिवार के लिए पहले भी बेहद दर्दनाक यादों से जुड़ा है. 13 अप्रैल 2023 को झांसी के पारीछा डैम के पास यूपी एसटीएफ ने अतीक के तीसरे बेटे असद अहमद और शूटर गुलाम का एनकाउंटर किया था. दोनों उमेश पाल हत्याकांड में वांटेड थे और उन पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था. अब ठीक तीन साल बाद उसी झांसी में अतीक के सबसे छोटे बेटे अबान की सड़क हादसे में मौत हो गई.
भाई अली से मिलने जा रहा था
अबान अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था, जो फिलहाल झांसी जेल में बंद है. अली पर प्रयागराज के व्यापारी से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप है. पुलिस का दावा है कि वह उमेश पाल हत्याकांड की साजिश में भी शामिल था. पहले अली नैनी जेल में बंद था, लेकिन जेल के अंदर उसकी बैरक से नकदी मिलने के बाद सुरक्षा कारणों से उसे 1 अक्टूबर 2025 को झांसी जेल स्थानांतरित कर दिया गया था.
एसएसपी ने क्या कहा?
झांसी के एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे सूचना मिली कि पूंछ थाना क्षेत्र में एक क्रेटा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई है, कार में 5 लोग सवार थे, तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई, हादसे में अबान और सोनू की मौके पर ही मौत हो गई, बाकी तीन लोग मोहम्मद जायद, उमर और एक अन्य व्यक्ति घायल हुए हैं, मेडिकल कॉलेज में उनका इलाज चल रहा है, फिलहाल तीनों की हालत सामान्य है.
अतीक के पांच बेटों का क्या हुआ?
उमर अहमद – सबसे बड़ा बेटा, कई मामलों में आरोपी, फिलहाल लखनऊ जेल में बंद.
अली अहमद – झांसी जेल में बंद.
असद अहमद – 13 अप्रैल 2023 को झांसी में एनकाउंटर में मारा गया.
अहजम अहमद – फिलहाल परिवार के साथ रहकर ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहा है.
अबान अहमद – 6 अगस्त 2026 को झांसी सड़क हादसे में मौत.
अतीक की पत्नी अब भी फरार
उमेश पाल हत्याकांड के बाद से अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन लगातार फरार चल रही है. पुलिस, एसटीएफ और अन्य एजेंसियां पिछले तीन साल से उसकी तलाश कर रही हैं. उसके खिलाफ इनाम घोषित है और वह अब भी यूपी पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल है. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या शाइस्ता अपने सबसे छोटे बेटे आबान के जनाजे में शामिल होगी? इससे पहले वह बेटे असद, पति अतीक अहमद और देवर अशरफ के जनाजे में भी सामने नहीं आई थी.