टोल कांड में अतीक के बेटे उमर के काफिले पर एक्शन, 4 गाड़ियां जब्त; कुल 28 वाहन रडार पर
माफिया अतीक अहमद के बड़े बेटे उमर के काफिले पर पुलिस ने शिकंजा कसा है. टोल प्लाजा पर बैरियर तोड़ने के आरोप में अब तक 4 गाड़ियां जब्त की गई हैं, और 28 वाहनों की गहन जांच जारी है. पुलिस काफिले में शामिल सभी संदिग्ध वाहनों और उनके मालिकों की पहचान कर रही है.
माफिया अतीक अहमद के बड़े बेटे उमर अहमद के काफिले से जुड़े टोल प्लाजा विवाद में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. पुलिस ने अब तक काफिले के चार वाहनों को जब्त किया है. FIR में 28 वाहनों के नंबर दर्ज है. पुलिस इन सभी वाहनों की पहचान और उनके मालिकों के बारे में जानकारी जुटा रही है. यह भी देखा जा रहा है कि उनमें कौन सवार थे.
दरअसल, अतीक के बेटे उमर और अली को कोर्ट के आदेश पर पुलिस सुरक्षा में उसके भाई अबान के जनाजे में शामिल होने के लिए प्रयागराज लाया जा रहा था. इसी दौरान नवाबगंज टोल प्लाजा पर उमर के काफिले से जुड़े वाहनों को लेकर विवाद हुआ. टोल प्लाजा पर बैरियर तोड़ने और टोल कर्मचारियों को कुचलने की कोशिश करने के आरोप लगे थे.
टोल बैरियर तोड़कर निकलने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, उमर को पुलिस अभिरक्षा में जिला कारागार लखनऊ से प्रयागराज लाया जा रहा था. 8 अगस्त की रात करीब 3:50 बजे नवाबगंज टोल प्लाजा पर सरकारी वाहनों के गुजरने के बाद पीछे से बड़ी संख्या में वाहन टोल प्लाजा पहुंचे. आरोप है कि काफिले में शामिल वाहनों ने टोल शुल्क जमा किए बिना बैरियर पार करने की कोशिश की.
टोल प्रबंधन का आरोप है कि करीब 25 से 30 वाहनों ने टोल बैरियर को तोड़ते हुए आगे निकलने का प्रयास किया. टोल कर्मचारियों ने वाहनों को रोकने की कोशिश की तो कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज और धमकी दी गई. आरोप है कि कुछ वाहनों ने तेज रफ्तार में टोल पार किया, जिससे बैरियर को नुकसान पहुंचा और राजस्व की भी क्षति हुई.
अब तक 4 गाड़ियां जब्त, 28 की जांच तेज
इस घटना के बाद टोल प्रबंधन ने पुलिस को दी शिकायत में कई वाहनों के नंबर भी उपलब्ध कराए हैं. नवाबगंज और हथिगंवा थाने में दर्ज मुकदमा में कुल 28 वाहनों के नंबर हैं. इसी कड़ी में नवाबगंज पुलिस और हथिगंवा पुलिस ने दो-दो गाड़ियां जब्त की हैं. चार वाहनों को जब्त किए जाने के बाद अब बाकी दर्ज वाहनों की तलाश और सत्यापन का काम जारी है.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, टोल प्लाजा पर हुए घटनाक्रम से जुड़े वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है. इसमें जो भी वाहन या व्यक्ति घटना में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल 28 वाहनों के नंबर पुलिस जांच के दायरे में हैं और आने वाले दिनों में इस मामले में और कार्रवाई होने की संभावना है.