प्रयागराज पहुंचा अतीक के बेटे अबान का शव, जुमे की नमाज के बाद होगा सुपुर्द-ए-खाक; क्या सामने आएगी फरार मां?
माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान का शव झांसी से प्रयागराज पहुंच गया है. जुमे की नमाज के बाद कसारी-मसारी कब्रिस्तान में उसे पिता की कब्र के पास ही सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा. इस बीच फरार शाइस्ता परवीन के आने की अटकलें भी हैं, जिसको लेकर पुलिस-इंटेलिजेंस एजेंसियां चौकन्नी हैं.
माफिया अतीक अहमद के परिवार में एक बार फिर मातम पसरा है. सड़क हादसे में जान गंवाने वाले अतीक के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद का शव शुक्रवार सुबह प्रयागराज पहुंच गया. झांसी में पोस्टमार्टम और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद परिजन एंबुलेंस से शव लेकर शहर पहुंचे. हादसे में मरने वाले उसके साथी शाकिर का शव भी लाया गया.
फिलहाल, अबान का शव हटवा स्थित उसकी बुआ के घर पर रखा गया है, जहां अंतिम दर्शन के लिए लोगों का आना-जाना लगा हुआ है. जुमे की नमाज के बाद कसारी-मसारी कब्रिस्तान में उसे सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा. इसी कब्रिस्तान में उसका कब्र पिता अतीक अहमद, चाचा अशरफ और बड़े भाई असद अहमद की कब्रें के पास ही तैयार की गई है.
जनाजे को लेकर पुलिस और प्रशासन अलर्ट
बताया जा रहा है कि अबान के जनाजे में काफी भीड़ जुट सकती है. इसको लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है. कब्रिस्तान और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है. अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके.
गौरतलब है कि गुरुवार को झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में झांसी-कानपुर हाईवे पर प्रयागराज से झांसी जा रही कार अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई थी. दुर्घटना में आबान अहमद और उसके साथी शाकिर उर्फ सोनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है.
क्या बेटे के जनाजे में आएगी फरार शाइस्ता?
इस बीच अतीक अहमद की फरार पत्नी शाइस्ता परवीन को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं. पिछले तीन साल से फरार शाइस्ता के अपने बेटे के जनाजे में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. लेकिन इन अटकलों को देखते हुए पुलिस, खुफिया एजेंसियां और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं.