प्रयागराज में CM योगी का विकास और विरासत पर जोर, दिव्यांगों को सौगात; महापुरुषों की प्रतिमाओं का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री योगी ने प्रयागराज में विकास, विरासत और जनकल्याण को प्राथमिकता दी. उन्होंने दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल वितरित की, महत्वपूर्ण प्रतिमाओं का अनावरण किया, और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया. साथ ही गंगा नदी पर नया पुल बनाने का ऐलान किया.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रयागराज दौरे के दौरान विकास, विरासत और जनकल्याण से जुड़े कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया. उन्होंने दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल वितरित की, विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और यमुना नदी में वोट रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
मुख्यमंत्री ने प्रेरणा स्थल पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और अशोक सिंघल की प्रतिमाओं का लोकार्पण किया. इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया, खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया, पीएम सूर्य धन योजना के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र, सफाई कर्मियों को सफाई किट तथा आवास योजना और पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को चाबी और चेक वितरित किए.
‘मुखर्जी के विचारों को PM मोदी ने साकार किया’
अपने संबोधन की शुरुआत मुख्यमंत्री ने “सियावर रामचंद्र की जय” के उद्घोष से की और हनुमान जी, गंगा मैया, सरस्वती और भगवान शिव-पार्वती का जयकारा लगाया. उन्होंने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है क्योंकि भारत की एकता और अखंडता के लिए जीवन समर्पित करने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती का वर्ष है.
उन्होंने डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों को याद करते हुए कहा कि उनके सपनों को पीएम मोदी के नेतृत्व में साकार किया गया, जिसमें धारा 370 हटाना भी शामिल है. मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को राजनीतिक शुचिता और सुशासन का प्रतीक बताते हुए कहा कि छह दशक के सार्वजनिक जीवन में उनके दामन पर कोई दाग नहीं लगा.
गंगा नदी पर 1000 करोड़ की लागत से बनेगा पूल
वहीं अशोक सिंघल को राम मंदिर आंदोलन का प्रमुख चेहरा बताते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्र और सनातन संस्कृति के लिए समर्पित कर दिया. साथ ही कहा कि पीएम मोदी का मंत्र है कि विकास के साथ-साथ विरासत का सम्मान भी जरूरी है. सीएम ने प्रयागराज को समता, आस्था और संस्कृति की भूमि बताते हुए महर्षि भारद्वाज, त्रिवेणी संगम और महाकुंभ का भी उल्लेख किया.
उन्होंने कहा कि जनवरी 2025 के महाकुंभ में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं का आगमन हुआ, जिसकी सफल मेजबानी के लिए प्रयागराज की जनता बधाई की पात्र है. मुख्यमंत्री ने प्रयागराज में चल रही विकास परियोजनाओं का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद के नाम पर नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी का निर्माण कार्य जारी है.
इसके अलावा, मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि गंगा नदी पर लगभग 1000 करोड़ रुपये की लागत से नया पुल बनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रयागराज के विकास के लिए कई नई योजनाओं पर भी काम किया जा रहा है और जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों के सहयोग से शहर लगातार नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है.