UP में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, आज नोएडा-गाजियाबाद समेत सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट

आज मंगलवार को पूरे प्रदेश में मानसून की बारिश होगी. कहीं-कहीं बादल गरजेंगे तो कहीं बिजली भी गिरेगी. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र की ताजा बुलेटिन के मुताबिक उत्तर प्रदेश में आज गरज-चमक के साथ जोरदार बारिश होने की पूरी संभावना है.

सांकेतिक तस्वीर, इमेज श्रोत- AI Image Credit:

उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार आज मंगलवार को पूरे प्रदेश में मानसून की बारिश होगी. कहीं-कहीं बादल गरजेंगे तो कहीं बिजली भी गिरेगी. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र की ताजा बुलेटिन के मुताबिक उत्तर प्रदेश में आज गरज-चमक के साथ जोरदार बारिश होने की पूरी संभावना है. इस दौरान 10 से अधिक जिलों में मेघगर्जन के साथ वज्रपात हो सकती है.

मौसम विभाग के इस अलर्ट के मुताबिक उत्तर प्रदेश में अगले चार दिनों तक रेनी डे रहने वाला है. इस दौरान 60 से अधिक जिलों में मूसलाधार बारिश होगी. वहीं 15 अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. प्रदेश में इस बार होने जा रही मानसून की बारिश से प्रदेश का तापमान भी तेजी से नीचे जाएगा. इससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिल जाएगी. यह स्थिति 30 जुलाई तक रह सकती है.

इसलिए बना बारिश का माहौल

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश में बीते कुछ दिनों से तेज धूप हो रही थी. इसकी वजह से लोगों को भीषण गर्मी और उमस ने परेशान कर दिया था. मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून टर्फ के उत्तर की ओर खिसकने के साथ ही बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की वजह से अब मानसूनी गतिविधियां तेज हुई हैं. इसकी वजह से रविवार शाम से ही मौसम में बदलाव होने लगा और आज मानूसन ने प्रदेश में जोर पकड़ लिया है.

आज यहां होगी बारिश

मौसम विभाग की बुलेटिन में आज प्रयागराज, गोरखपुर, आगरा, मेरठ, गाजियाबाद, सहारनपुर, सोनभद्र, रामपुर, बरेली, मथुरा, मुरादाबाद, पीलीभीत, झांसी, आजमगढ़, कानपुर, वाराणसी और अयोध्या में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं नोएडा, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, मेरठ, सहारनपुर, बिजनौर, बरेली, कानपुर, रामपुर, बदायूं, मुरादाबाद, मैनपुरी, सीतापुर, ललितपुर, हरदोई, कन्नौज, बहराइच, कुशीनगर, गोरखपुर, प्रयागराज और देवरिया आदि जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. बाकी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है.

Follow Us