9 बजे तक एक करोड़… माघी पूर्णिमा पर श्रद्धा का सैलाब, संगम में आस्था की डुबकी लगा विदा होंगे कल्पवासी

माघी पूर्णिमा पर प्रयागराज के संगम में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा है. कड़ाके की ठंड के बावजूद, सुबह 9 बजे तक 1 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई. शाम तक यह आंकड़ा 7 करोड़ तक पहुंचने की उम्मीद है. कल्पवासी आज अपना अंतिम स्नान कर रहे हैं.

माघ मेले में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब. इमेज सोर्स: PTI Image Credit:

प्रयागराज में कड़ाके की ठंड है. बावजूद इसके, माघी पूर्णिमा के पवित्र स्नान के लिए माघ मेले में संगम पर श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा है. शहर के अंदर से या बाहर से गुजरने वाली सभी सड़कें संगम की ओर ही जाती नजर आ रही हैं. सभी सड़कों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें नजर आ रही हैं. यह स्थिति सुबह के तीन से बदस्तूर बना हुआ है. माघ मेला प्रशासन के मुताबिक सुबह के नौ बजे तक 1 करोड़ से अधिक लोगों ने संगम में आस्था की डुबकी लगाई है. शाम तक यह आंकड़ा 6 से 7 करोड़ के पार पहुंचने की संभावना है.

मेला प्रशासन के मुताबिक पौष पूर्णिमा के स्नान के साथ संगम तीर पर कल्पवास शुरू करने वाले श्रद्धालु माघ पूर्णिमा पर आखिरी स्नान कर रहे हैं. इनके अलावा प्रयागराज शहर के लोग और बड़ी संख्या में बाहर से आए श्रद्धालु भी संगम में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं. मेला प्रशासन को उम्मीद थी कि माघी पूर्णिमा पर 5 करोड़ लोग स्नान करेंगे, लेकिन श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए अंदाजा लगाया जा रहा है कि शाम तक स्नान करने वालों की संख्या 7 करोड़ के आसपास पहुंच सकती है.

आज से खाली होगा माघ मेला

माघी पूर्णिमा के स्नान के साथ ही कल्पवासी अपने अपने घरों को लौटना शुरू कर देंगे. इसी के साथ साधु संतों की वापसी का दौर भी शुरू हो जाएगा. उम्मीद है कि आज शाम तक ही आधे से अधिक माघ मेला खाली हो जाएगा. बचे खुचे लोग एवं श्रद्धालु भी अगले एक दो दिनों में मेला परिसर छोड़कर अपने घरों को लौट जाएंगे. कल्पवासियों को लेने के लिए आज बड़ी संख्या में उनके परिजन भी मेला क्षेत्र पहुंचे हैं और वो भी अपने परिजनों के साथ संगम में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं.

सुबह तीन बजे से चल रहा स्नान

संगम नोज पर सुबह तीन बजे से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ है. सुबह छह बजे तक ही लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती की त्रिवेणी के संगम में स्नान कर लिया था. श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मेला प्रशासन ने व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल और वालंटियर्स की तैनाती की है. वहीं भीड़ में किसी तरह की अनहोनी को रोकने के लिए एटीएस, एसएसएफ और आरएएफ की टुकड़ियां भी तैनात हैं.