अमोनिया का टैंक फटने से धवस्त हुआ कोल्ड स्टोरेज, मलबे में दबकर 4 मजदूरों की मौत; राहत कार्य जारी
फाफामऊ में एक कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस के रिसाव की वजह से एक कोल्ड स्टोरेज की छत गिर गई. हादसे के वक्त कोल्ड स्टोरेज में 12 से 15 मजदूर कोल्ड स्टोरेज में काम कर रहे थे. आशंका है कि यह सभी मजदूर दब गए हैं.
प्रयागराज के फाफामऊ में सोमवार की दोपहर बड़ा हादसा हो गया. यहां एक रुदापुर स्थित एक कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस के रिसाव की वजह से एक कोल्ड स्टोरेज की छत गिर गई. हादसे के वक्त कोल्ड स्टोरेज में 80 से अधिक मजदूर काम कर रहे थे. इस घटना में 4 मजदूरों की मौत की सूचना है. वहीं 12 से 15 मजदूरों के दबे होने की आशंका है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस एवं फायर ब्रिगेड की टीम के साथ एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है.
फायर ब्रिगेड के अधिकारियों के मुताबिक फाफामऊ में चंदापुर में प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर सपा नेता और पूर्व मंत्री अंसार अहमद का कोल्ड स्टोरेज है. सोमवार की दोपहर कोल्ड स्टोरेज के अंदर तेज धमाका हुआ और देखते ही देखते कोल्ड स्टोरेज की इमारत ध्वस्त हो गई. बताया जा रहा है कि यह हादसा कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस का टैंक फटने की वजह से हुआ था. इसकी वजह से यहां अमोनिया गैस का रिसाव भी हुआ है.
बचाव एवं राहत कार्य जारी
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त 80 से अधिक मजदूर कोल्ड स्टोरेज में काम कर रहे थे. हादसे में इन भी मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस एवं फायर ब्रिगेड की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है. राहत टीम ने अभी तक 8 से अधिक मजदूरों को मलबे में बाहर निकाल कर एसआरएन और तेज बहादुर सप्रू बेली अस्पताल में भर्ती कराया है. फायर ब्रिगेड के अधिकारियों के मुताबिक इस हादसे में चार मजदूरों की हालत नाजुक बताई जा रही है. फिलहाल मौके पर दमकल और एंबुलेंस गाड़ियों के अलावा कई थानों की फोर्स मौजूद है. हादसे की वजह से मलाक हरहर में लखनऊ हाईवे पर ट्रैफिक रोक दिया गया है.
जेसीबी से हटाया जा रहा मलबा
हादसे के बाद मौके पर पहुंची एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी बचाव कार्य में जुट गई है. इमारत का मलबा हटाने के लिए दर्जन भर से अधिक जेसीबी लगाई गई हैं. आशंका है कि मलबे में कुछ और लोग भी दबे हो सकते हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया के टैंक में तेज धमाका हुआ. इस धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि करीब एक किमी दूर तक सुनी गई. इसके बाद ही इमारत धराशायी हो गई.
मौके पर पहुंचे आला अफसर
हादसे की सूचना पर डीएम प्रयागराज मनीष कुमार वर्मा, पुलिस कमिश्नर जोगिंदर कुमार, एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. अजय पाल शर्मा, सीडीओ हर्षिका सिंह, पीडीए उपाध्यक्ष ऋषिराज सीएमओ डॉ. एके तिवारी सहित अन्य अफसर मौके पर पहुंचे हैं. 21 से अधिक एंबुलेंस घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए लगाई गई है. डीएम मनीष कुमार वर्मा के मुताबिक अब तक आठ घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं आधा दर्जन से अधिक जेसीबी मशीनों की मदद से मलबे को हटाया जा रहा है.
सीएम योगी ने लिया संज्ञान
इस हादसे का संज्ञान सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी लिया है. उन्होंने हादसे में मृत मजदूरों के प्रति संवेदन प्रकट की है. वहीं मृतकों के परिजनों के लिए 2-2 लाख रूपये की आर्थिक मदद की घोषणा की है. इसके साथ ही उन्होंने घायलों को भी 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता के साथ इलाज के समुचित इंतजाम की घोषणा की है. सीएम योगी ने डीएम प्रयागराज से फोन पर बात कर राहत एवं बचाव कार्य के साथ घायलों के इलाज की व्यवस्था खुद देखने को कहा है.