प्रयागराज में एक ही परिवार के 3 लोगों की हत्या, घर के बाहर मिले खून से सने शव

प्रयागराज के कुकरकटवा गांव में मंगलवार यानी 16 जून की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने घर के बाहर एक साथ तीन लोगों के शव पड़े देखे. मृतकों की पहचान 65 वर्षीय श्याम लाल गुप्ता, 55 वर्षीय अमरावती देवी और करीब 50 वर्षीय इंद्रावती देवी के रूप में हुई है. तीनों शव खून से लथपथ हालत में मिलने के चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है.

प्रयागराज में ट्रिपल मर्डर Image Credit:

प्रयागराज के यमुनानगर जोन के मेजा इलाके से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां के कुकरकटवा गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है. घर के बाहर खून से लथपथ हालत में तीन शव मिलने के बाद गांव में दहशत और मातम का माहौल है.पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और मामले के खुलासे के लिए कई टीमें लगा दी गई हैं.

मेजा थाना क्षेत्र के कुकरकटवा गांव में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने घर के बाहर एक साथ तीन लोगों के शव पड़े देखे. मृतकों की पहचान 65 वर्षीय श्याम लाल गुप्ता, 55 वर्षीय अमरावती देवी और करीब 50 वर्षीय इंद्रावती देवी के रूप में हुई है. तीनों शव खून से लथपथ हालत में मिलने से आशंका जताई जा रही है कि उनकी बेरहमी से हत्या की गई है.

परिजनों और ग्रामीणों से की जा रही पूछताछ

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने पूरे घटनास्थल को घेरकर फॉरेंसिक टीम को बुलाया और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी. गांव के लोगों और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों तक पहुंचा जा सके.

ग्रामीणों के मुताबिक परिवार के अधिकांश सदस्य रोजगार के सिलसिले में दूसरे राज्यों में रहते हैं. अमरावती देवी के पति नेब्बू लाल राजस्थान में रहकर काम करते हैं, जबकि इंद्रावती देवी के पति दूधनाथ का पहले ही निधन हो चुका है. ऐसे में घर पर सीमित लोग ही मौजूद थे. इसी वजह से घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

गांव में आक्रोश और दहशत का माहौल

तिहरे हत्याकांड की खबर फैलते ही गांव में भारी भीड़ जुट गई. लोगों में घटना को लेकर आक्रोश और दहशत देखने को मिला. पुलिस फिलहाल हत्या के कारणों को लेकर पता लगाने में जुटी है और हर एंगल से जांच की जा रही है. आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं.

कानून व्यवस्था पर खड़े हुए सवाल

फिलहाल प्रयागराज का यह तिहरा हत्याकांड पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. आखिर एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या किसने और क्यों की, इसका जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा. लेकिन इस वारदात ने मेजा क्षेत्र की कानून व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर कई बड़े सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं.

Follow Us