45 जिलों में आज वार्म नाइट, कल चलेगी भयानक लू; UP में क्यों आग उगल रहा आसमान?

उत्तर प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में है, जहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पार कर गया है. मौसम विभाग ने 45 जिलों में 'वार्म नाइट' और 'भयानक लू' का हाई अलर्ट जारी किया है. इन परिस्थितियों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. प्रयागराज में सर्वाधिक 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हालांकि, सोमवार से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे तापमान में 2-4 डिग्री की अस्थाई गिरावट आ सकती है.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तरप्रदेश में गर्मी अपने प्रचंड रूप में है. प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर है. शुक्रवार को प्रयागराज में तापमान पूरे प्रदेश में सबसे अधिक 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं बांदा में 44.3 डिग्री तो हमीरपुर में 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. कुछ यही स्थिति नोएडा-गाजियाबाद से लेकर मेरठ-मुरादाबाद और आगरा-कानपुर से लेकर लखनऊ अयोध्या में भी थी.

हालात को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग ने शुक्रवार-शनिवार के लिए पूरे प्रदेश में लू चलने का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी इस बुलेटिन के मुताबिक आज शुक्रवार की रात पूरे प्रदेश में वार्म नाइट होने वाली है. वहीं शनिवार को सुबह से ही शुरू होकर देर शाम तक लू चलने का अंदेशा है. मौसम विभाग ने खासतौर पर प्रदेश के 45 जिलों में लोगों को विशेष एहतियात बरतने की अपील की है.

पटरी से उतरा जनजीवन

उत्तर प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी की वजह से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. दिन चढ़ने के साथ ही सड़कों पर सन्नाटा पसर जा रहा है. घरों में लगे पंखे-कूलर बेअसर होने लगे हैं. शुक्रवार को बलिया-बनारस से लेकर प्रयागराज-कानपुर और हरदोई-आगरा से लेकर मेरठ-अलीगढ़ और शाहजहांपुर तक शहर भीषण गर्मी की चपेट में रहे. इनमें सबसे अधिक तापमान प्रयागराज में दर्ज किया गया है. इसके बाद बुंदेलखंड के सभी जिलों का तापमान रहा.

बूंदाबांदी से मिल सकती है राहत

मौसम विभाग के मुताबिक दो दिन बाद यानी सोमवार को प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने वाला है. इससे प्रदेश के अलग अलग इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक इन परिस्थितियों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है. हालांकि यह राहत अस्थाई ही होगी. मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक नए विक्षोभ के एक्टिव होने से बादलों की सक्रियता बढ़ेगी. इससे थोड़ी राहत मिल सकती है.

इन जिलों में हाई अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रदेश के 45 जिलों में हाई अलर्ट जारी किया है. इनमें बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई आदि जिले शामिल हैं. इनके अलावा फर्रुखाबाद, कन्नोज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर आदि जिलों में तापमान 45 डिग्री के आसपास रहने के आसार हैं. वहीं बुलंदशहर, अलीगढ़, मधुरा, हाथरस, कासगंज एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर संभल, बदायूं, जालोन, हमीरपुर, महोबा, झांसी आदि जिलों में लू के थपेड़े चलेंगे.

यहां छिन गया रात का सुकून

मौसम विभाग ने नोएडा-गाजियाबाद के अलावा सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल और बदायूं आदि जिलों में वार्म नाइट का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक इन जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान का अंतर बहुत कम रह गया है. ऐसे में इन जिलों में रात के समय भी लू का एहसास हो सकता है.

Follow Us