शराबी पति, रोज के झगड़े और फंदे से लटकती लाश… शिल्पा की मौत से खड़े किए कई सवाल!

वाराणसी में शिल्पा नामक विवाहिता की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े किए हैं. पुलिस भले ही इसे आत्महत्या मान रही है, पर परिजन पति पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं. आरोप है कि पति प्रिंस नशे का आदी था और शिल्पा के साथ लगातार मारपीट व पैसों के लिए प्रताड़ना करता था. कई बार इनके बीच समझौते हुए, फिर भी हिंसा जारी रही. परिजनों के आरोप को देखते हुए पुलिस मामले की जांच कर रही है.

बनारस में शिल्पा डेथ मिस्ट्री

उत्तर प्रदेश में बनारस के सिगरा थाना क्षेत्र स्थित जयप्रकाश नगर कॉलोनी में मिली एक विवाहिता की लाश ने पुलिस को भी हिलाकर रख दिया है. पुलिस भले ही इस मामले को सुसाइड मान रही है, लेकिन विवाहिता के भाई ने इस पूरे घटनाक्रम पर सवाल उठाते हुए इसे हत्या करार देने की कोशिश की है. ऐसे में पुलिस ने विवाहिता का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस के मुताबिक मामले की जांच अब पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आधार पर ही आगे बढ़ेगी.

पुलिस के मुताबिक विवाहिता की पहचान गाज़ीपुर के नंदगंज की रहने वाली शिल्पा के रूप में हुई है. उसकी शादी साल 2019 में वाराणसी नगर निगम में संविदाकर्मी प्रिंस के साथ हुई थी. प्रिंस और शिल्पा के दो बच्चे भी हैं. शिल्पा अपने पति और बच्चों संग सिगरा थाना क्षेत्र के जयप्रकाश नगर कॉलोनी में रहती थी. बताया जा रहा है कि प्रिंस सिंह नशे का आदी है और शराब के नशे में धुत होकर आए दिन पत्नी शिल्पा के साथ मारपीट करता था.

कचहरी तक पहुंचा पति-पत्नी का झगड़ा

इन दोनों की मारपीट में कई बार रिश्तेदारों ने समझौता कराया. बावजूद इसके, इनके बीच का विवाद खत्म नहीं हुआ और थाना पुलिस तथा कोर्ट कचहरी भी हुई. शिल्पा के भाई के मुताबिक एक बार तो प्रिंस ने चाकू मारकर शिल्पा की हत्या का भी प्रयास किया था. हालांकि बाद में अपने दोनों बच्चों का मुंह देखकर शिल्पा ने प्रिंस से समझौता कर लिया. इसके बाद भी आरोपी की हरकतों में सुधार नहीं हुआ तो शिल्पा अपने पिता के पास मुंबई चली गई.

पिछले ही महीने वापस लौटी थी शिल्पा

आरोप है कि प्रिंस ना केवल शराब पीने का आदी था, बल्कि वह अक्सर शिल्पा पर मायके से रुपये लेकर आने के लिए दबाव बनाता था. मना करने पर मारपीट करता था. इसलिए इस बार शिल्पा मुंबई से उसके पास लौटने को तैयार नहीं थी. ऐसे में प्रिंस और उसके घर वालों ने भरोसा दिया कि अब वह ऐसी गलती दोबारा नहीं करेगा. साथ ही शिल्पा के लिए एक एक ब्यूटी पार्लर भी खुलवाएगा. इसी आश्वासन पर शिल्पा घर लौटी, लेकिन एक महीने के भीतर ही उसकी हत्या हो गई.

Follow Us