UP में टीचर बनने का बड़ा मौका! माध्यमिक स्कूलों में 21252 पदों पर होगी भर्ती, जानें पूरी डिटेल
उत्तर प्रदेश के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में 21252 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है. माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने टीजीटी और पीजीटी सहित विभिन्न पदों के लिए ई-अधियाचन पोर्टल पर विवरण अपलोड कर दिया है. यह भर्ती प्रदेश के युवाओं के लिए सरकारी शिक्षक बनने का एक बड़ा अवसर है, जिसमें प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT) के 17740 और प्रवक्ता (PGT) व सहायक अध्यापकों के 3512 पद शामिल हैं.
उत्तर प्रदेश में सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में खाली पड़े पदों पर भर्ती की प्रक्रिया तेज हो गई है. इन स्कूलों में 21252 टीचर्स की भर्ती के लिए माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के ई-अधियाचन पोर्टल पर अधियाचन अपलोड कर दिया है. सोमवार को अपलोड हुए इस अधियाचन में प्रवक्ता (पीजीटी) एवं संलग्न प्राइमरी सहायक अध्यापकों के लिए 3512 पद रखे गए हैं. वहीं प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) के भी 17740 पदों पर भर्ती होने जा रही है.
इस अधियाचन के मुताबिक सहायता प्राप्त माध्यमिक स्कूलों में पीजीटी के 2,615 पदों पर भर्ती होगी. इसी प्रकार 987 पदों पर प्राइमरी सहायक अध्यापकों की नियुक्ति होने जा रही है. जबकि 4,512 सहायता प्राप्त विद्यालयों में प्रधानाध्यापक और प्रधानाचार्य के 2,643 रिक्त पदों का अधियाचन पहले ही पोर्टल पर अपलोड किया जा चुका है. इसी के साथ भर्ती प्रक्रिया विधिवत शुरू हो गई है. यह जानकारी माध्यमिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने दी.
पहले टीजीटी-पीजीटी की होगी भर्ती
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के सूत्रों के मुताबिक शिक्षा सेवा चयन आयोग की प्राथमिकता पहले टीजीटी-पीजीटी और अन्य पदों पर भर्ती की होगी. पोर्टल पर इस अधियाचन के अपलोड होने के साथ ही प्रदेश में शिक्षक भर्ती की तैयारी में जुटे युवकों को सरकारी नौकरी की उम्मीद एक बार फिर से जगी है. बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के माध्यम स्कूलों में 40 हजार से अधिक टीचर्स के पद खाली है. धीरे धीरे इन सभी पदों पर भर्ती आने वाली है.
एरियर के साथ मिलेगा हेड टीचर का वेतन
उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में प्रधानाध्यापक के खाली पद का कार्यभार संभाल रहे सहायक अध्यापकों के लिए भी बड़ी खबर है. बकाया वेतन के लिए कोर्ट में रिट दाखिल करने वाले इन टीचर्स को तीन साल के एरियर के साथ प्रधानाध्यापक की सैलरी मिलेगी. इस इस संबंध में बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से आदेश जारी कर दिए गए हैं. विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने आदेश के अनुपालन के लिए सभी बीएसए को निर्देशित किया है.