जलभराव से डूबा प्रयागराज, घरों तक पानी; मेयर बोले- ऐसी हालत में अमेरिका-रूस भी बह जाते हैं

प्रयागराज में तीन दिनों से जारी जलभराव ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. सड़कें डूबीं और घरों में पानी घुस गया है. इलाहाबाद हाईकोर्ट ने भी नाराजगी जताई है. इस बीच अब प्रयागराज के मेयर ने इसे प्राकृतिक आपदा बताकर विवाद छेड़ दिया, उन्होंने कहा 'ऐसी स्थिति में अमेरिका-रूस भी बह जाते हैं'.

प्रयागराज जलभराव: मेयर के बयान पर विवाद Image Credit:

प्रयागराज में लगातार बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में पिछले तीन दिनों से जलभराव की स्थिति बनी हुई है. हालात इतने खराब हैं कि कई गली-मोहल्लों के साथ लोगों के घरों में भी पानी घुस गया है. सड़कें जलमग्न हैं और लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. नगर निगम और शहर के ड्रेनेज सिस्टम पर भी सवाल उठ रहे हैं.

जलभराव को लेकर स्थानीय लोगों का आरोप है कि नालों की सफाई और जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों और बस्तियों में जमा हो गया. कई इलाकों में लोग घरों से पानी निकालने के लिए खुद जद्दोजहद करते नजर आए. इसी बीच प्रयागराज के मेयर गणेश केसरवानी कहना है कि ऐसी स्थिति में अमेरिका-रूस भी बह जाते हैं.

मेयर ने नगर निगम की चूक मानने के बजाय…

जलभराव के मुद्दे पर जब टीवी9 ने प्रयागराज के मेयर गणेश केसरवानी से सवाल किया तो उन्होंने इसे नगर निगम की चूक मानने के बजाय भारी बारिश और प्राकृतिक परिस्थितियों का नतीजा बताया. मेयर ने कहा कि जब इस तरह की स्थिति उत्पन्न होती है तो अमेरिका और रूस भी बह जाते हैं. मेयर के इस बयान को लेकर बहस तेज हो गई है.

विपक्ष और स्थानीय लोग जहां जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं, हर में जलभराव और नगर निगम की तैयारियों को लेकर हमलावर हैं. वहीं प्रशासन का कहना है कि जलभराव वाले इलाकों से पानी निकालने के लिए लगातार काम किया जा रहा है. फिलहाल शहर के अलग-अलग हिस्सों में पंप लगाकर जल निकासी कराई जा रही है.

जलभराव को लेकर HC भी जता चुका है नाराजगी

नगर निगम की टीमें भी प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय हैं. हालांकि, तीन दिनों से बने जलभराव ने शहर की व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. वहीं, जलभराव को लेकर हाईकोर्ट भी नाराजगी जता चुका है. कोर्ट ने डीएम और नगर आयुक्त को तलब किया. अब देखना होगा कि प्रशासन अदालत में जलभराव से निपटने के लिए क्या जवाब और प्लान पेश करता है.

Follow Us