रायबरेली में बोले राहुल गांधी, आने वाला है ऐसा आर्थिक तूफान जो हमने जिंदगी में नहीं देखा होगा
अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली आए राहुल गांधी ने कहा कि वे कई महीनों से सरकार को आगाह कर रहे हैं कि बड़ा आर्थिक तूफान रास्ते में है. महंगाई आसमान छूने वाली है. हम सरकार से लगातार देश की जनता और अन्नदाता किसानों की रक्षा करने की अपील कर रहे हैं. लेकिन सत्ता पर काबिज लोगों को जनता की तकलीफों से कोई लेना-देना नहीं है. आने वाले दिन किसानों, युवाओं और छोटे व्यापारियों के लिए बेहद मुश्किल होने वाले हैं. '
कांग्रेस के नेता और संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दौरे पर हैं. उन्होंने इस दौरान केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला है. राहुल गांधी ने कहा कि आने वाले दिनों में देश एक ऐसे भयानक आर्थिक संकट का सामना करने जा रहा है, जिसकी किसी को कल्पना नहीं की होगी. देश में ऐसा आर्थिक तूफान आने वाला है, जिसे हमने जिंदगी में नहीं देखा होगा. इसकी मार सबसे ज्यादा मजदूरों, किसानों, देश के युवाओं पर पड़ेगी.
महीनों से सरकार को आगाह कर रहे हैं-राहुल गांधी
राहुल गांधी ने पीएम मोदी को निशाने पर लेते हुए कहा कि ‘जिस तरह से उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था का ढांचा बदला है, वह आने वाले आर्थिक तूफान के सामने टिक नहीं पाएगा. उन्होंने कहा कि वह लगातार कई महीनों से सरकार को आगाह कर रहे हैं कि बड़ा आर्थिक तूफान रास्ते में है. महंगाई आसमान छूने वाली है. हम सरकार से लगातार देश की जनता और अन्नदाता किसानों की रक्षा करने की अपील कर रहे हैं. लेकिन सत्ता पर काबिज लोगों को जनता की तकलीफों से कोई लेना-देना नहीं है. आने वाले दिन किसानों, युवाओं और छोटे व्यापारियों के लिए बेहद मुश्किल होने वाले हैं. उनका काफी नुकसान होने वाला है. ‘
राहुल बोले- महंगाई से बचने के लिए सरकार बदलना जरूरी
राहुल गांधी ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र आने वाले आर्थिक तूफान के खिलाफ ठोस कदम या आर्थिक सुधार करने की जगह जनता से कह रहे हैं कि कोई विदेश यात्रा ना करें. लेकिन हर दूसरे दिन दुनिया का दौरा कर रहे हैं. हवाई जहाज पर बैठकर कभी नॉर्वे चले जाते हैं तो कभी जापान. उन्होंने आगे कहा कि ‘अगर इस देश को बचाना है और आर्थिक तबाही से रोकना है तो जनता को आगे आना होगा. देश को बदलना होगा. जब तक आप लोग सरकार को नहीं बदलोगे तो महंगाई इसी तरह लगातार बढ़ती जाएगी.’
